किचन में खाना बनाते समय नमक की जरूरत बार-बार पड़ती है, इसलिए इसकी कंटेनर को गैस के आसपास ही रखा जाता है। इससे खाना बनाते वक्त नमक तुरंत मिल जाता है और उसे ढूंढने के लिए इधर-उधर नहीं जाना पड़ता। यह जगह सही जरूर लगती है, लेकिन लंबे समय तक यहां नमक रखने से उसकी बनावट पर असर पड़ सकता है। नमक जल्दी खराब नहीं होता और सामान्य नमक लंबे समय तक इस्तेमाल किया जा सकता है, लेकिन इसमें हवा से नमी खींचने की क्षमता होती है। यही कारण है कि इसे रखने की जगह पर थोड़ा ध्यान देना जरूरी है।
खाना बनाते समय गैस के आसपास गर्मी के साथ भाप और नमी भी फैलती है। जब सब्जी, चाय या पानी उबलता है, तो निकलने वाली भाप आसपास रखी चीजों तक पहुंच सकती है। नमक की डिब्बी लगातार स्टोव के पास रहती है, तो यह नमी धीरे-धीरे नमक के अंदर जमा हो सकती है। इससे नमक के दाने आपस में चिपककर गांठ का रूप लेने लगते हैं और कुछ समय बाद डिब्बी से नमक निकालना भी मुश्किल हो सकता है। शेकर में रखा नमक हो तो उसके छोटे छेद भी बंद हो सकते हैं, जिससे रोजाना खाना बनाते समय परेशानी बढ़ सकती है।
नमक को सुरक्षित रखने के लिए हमेशा ऐसा डिब्बा चुनें जिसका ढक्कन अच्छी तरह बंद हो सके। कांच, सिरेमिक या अच्छी क्वालिटी वाला फूड-ग्रेड प्लास्टिक कंटेनर इसके लिए इस्तेमाल किया जा सकता है। रोज इस्तेमाल के लिए अलग नमकदानी रखते हैं, तो उसे भी इस्तेमाल के बाद ठीक से बंद करें। डिब्बे को खुला रखने से आसपास की नमी नमक तक पहुंच सकती है।
3. गांठ पड़ जाए तो क्या करें?
यदि नमक में गांठें बन गई हैं, तो केवल इस वजह से उसे फेंकने की जरूरत नहीं है। यदि नमक साफ है और उसमें किसी तरह की गंदगी या दूसरी चीज नहीं मिली है, तो बनी हुई गांठों को सूखी चम्मच से धीरे-धीरे तोड़ा जा सकता है। कुछ लोग डिब्बे में थोड़े सूखे चावल भी रखते हैं, ताकि एक्स्ट्रा मॉइस्चर को कम करने में मदद मिल सके।
4. नमक को सूखा रखने के तरीके
नमक को सूखा रखने के लिए उसकी डिब्बी को गैस स्टोव, सिंक और ऐसी जगहों से दूर रखें जहां भाप या पानी की नमी पहुंचती हो। किचन की किसी सूखी अलमारी या शेल्फ पर रखना बेहतर रहेगा। नमक को लंबे समय तक खुला रखा जाए, तो आसपास की नमी उसमें पहुंच सकती है और दाने चिपकने लगते हैं। इसलिए डिब्बी को हमेशा सूखी और साफ जगह पर रखना जरूरी है।
नमक का इस्तेमाल करते समय रखें ये सावधानियां
नमक निकालते समय गीले हाथ या गीली चम्मच का इस्तेमाल न करें, क्योंकि इससे डिब्बी के अंदर नमी पहुंच सकती है। हर बार नमक लेने के बाद ढक्कन अच्छी तरह बंद कर दें। आप नमकदानी का इस्तेमाल करते हैं, तो उसमें पानी या भाप न जाने दें और समय-समय पर उसे साफ करके पूरी तरह सुखाकर ही दोबारा इस्तेमाल करें।
इसके अलावा यदि आप आयोडीन वाला नमक इस्तेमाल करते हैं, तो उसे सही तरीके से रखना और भी जरूरी हो जाता है। ज्यादा नमी, गर्मी और रोशनी के कांटेक्ट में रहने से समय के साथ इसमें मौजूद आयोडीन की मात्रा कम हो सकती है। थोड़ी सी सावधानी से नमक लंबे समय तक सूखा और इस्तेमाल के लिए सही बना रह सकता है।