मानसून का मौसम जहां ठंडक और राहत लेकर आता है, वहीं ये घर की रसोई में कई समस्याएं भी खड़ी कर देता है। बढ़ी हुई नमी की वजह से किचन में रखी रोजमर्रा की चीजें जैसे नमक, चीनी, बेसन, मसाले, दालें और ड्राई फ्रूट्स सबसे ज्यादा प्रभावित होती हैं। सबसे पहले इन चीजों में गांठें पड़ने लगती हैं या वे आपस में चिपकने लगती हैं। कई बार तो इनमें फफूंदी तक लग जाती है, जिससे उनका स्वाद, बनावट और क्वालिटी खराब हो जाती है। इस वजह से न केवल आपकी जेब पर असर पड़ता है बल्कि स्वास्थ्य पर भी खतरा मंडराने लगता है।
ऐसे में अगर कुछ आसान घरेलू उपायों को समय रहते अपना लिया जाए, तो न केवल इन चीजों को खराब होने से बचाया जा सकता है, बल्कि पूरे मानसून सीजन में आपका किचन व्यवस्थित और सुरक्षित बना रह सकता है। आइए जानते हैं ये आसान उपाय।
दालचीनी प्राकृतिक मॉइस्चर एब्जॉर्बर की तरह काम करती है। इसके कुछ टुकड़े अगर नमक या चीनी के कंटेनर में डाल दिए जाएं, तो यह अतिरिक्त नमी को सोखकर सामग्री को सूखा बनाए रखती है।
लौंग में मौजूद प्राकृतिक खुशबू सिर्फ मसाले का काम नहीं करती, बल्कि यह चीनी में नमी को भी कम करती है और चींटियों को दूर रखती है। चीनी के डिब्बे में 3–4 लौंग डालें और असर देखें।
प्लास्टिक या स्टील के बजाय कांच के एयरटाइट जार ज्यादा बेहतर होते हैं। ये कंटेनर नमी को अंदर नहीं आने देते और आपकी खाद्य सामग्री को लंबे समय तक सुरक्षित रखते हैं।
कपड़े में थोड़े से चावल बांधकर उसे नमक या चीनी के डिब्बे में रख दें। चावल एक्स्ट्रा नमी को सोख लेता है, जिससे चीनी और नमक दोनों लंबे समय तक सूखे रहते हैं।
किचन की नमी से बचाव का सबसे बेहतर उपाय है कि आप हर खाद्य सामग्री को एयरटाइट कंटेनर में ही स्टोर करें। ये नमी को बाहर रखते हैं और सामग्री की ताजगी बनाए रखते हैं।