भारी ट्रेडिशनल ड्रेस नहीं! ये छोटी एक्सेसरीज देंगी ऑफिस लुक को तीज वाला टच

हरियाली तीज के मौके पर अपने ऑफिस लुक को थोड़ा खास और स्टाइलिश बनाया जा सकता है। इंडो-वेस्टर्न कपड़ों के साथ कुछ ट्रेंडी एक्सेसरीज पहनकर सिंपल वर्कवियर को फेस्टिव लुक दे सकती हैं। जिससे लुक ज्यादा भारी भी नहीं लगेगा और ऑफिस के लिए कम्फर्टेबल भी रहेगा।

अपडेटेड Aug 12, 2026 पर 12:58 PM

हरियाली तीज पर ऑफिस में फेस्टिव दिखने के लिए आपको पूरा ट्रेडिशनल आउटफिट पहनने की जरूरत नहीं है। अपने रोजाना के ऑफिस कपड़ों के साथ बस कुछ स्टाइलिश एक्सेसरीज और हरे रंग का हल्का टच दें। इससे लुक सिंपल भी रहेगा और उसमें तीज की खूबसूरत रौनक भी नजर आएगी।

 

झुमके

छोटे या मीडियम साइज के झुमके ऑफिस आउटफिट को बिना ज्यादा मेहनत के फेस्टिव लुक दे सकते हैं। प्रिंटेड कुर्ती और ट्राउजर के साथ गोल्डन या पर्ल वाले झुमके अच्छे लगेंगे। वेस्टर्न ड्रेस या शर्ट के साथ ऑक्सीडाइज्ड सिल्वर झुमके ट्राई कर सकती हैं। ऑफिस के लिए बहुत भारी झुमकों की जगह हल्के डिजाइन चुनें, ताकि पूरे दिन इन्हें पहनना कम्फर्टेबल रहे।


स्टेटमेंट रिंग

ज्यादा ज्वेलरी नहीं पहनना चाहती हैं, तो स्टेटमेंट रिंग अच्छा ऑप्शन हो सकती है। आप दो या तीन सिंपल रिंग को एक साथ पहनकर हाथों को स्टाइलिश लुक दे सकती हैं। इन्हें कुर्ती, शर्ट-ट्राउजर या किसी इंडो-वेस्टर्न आउटफिट के साथ आसानी से पहना जा सकता है। बाकी ज्वेलरी हल्की रखें, ताकि लुक ज्यादा भरा हुआ न लगे।

हरी चूड़ियां या कड़ा

हरियाली तीज पर हरा रंग पहनना अच्छा लगता है और हरी चूड़ियां आपके ऑफिस लुक में तुरंत त्योहार की रौनक जोड़ सकती हैं। आप ड्रेस या कुर्ती के साथ कुछ पतली कांच की हरी चूड़ियां पहन सकती हैं। ज्यादा चूड़ियां पहनने के बजाय सिर्फ एक सुंदर हरे रंग का कड़ा भी पहन सकती हैं। यह सिंपल आउटफिट को भी खास बना देगा।

नाजुक ब्रेसलेट

ऑफिस के लिए बहुत ज्यादा ट्रेडिशनल ज्वेलरी पहनने से बचने के लिए एक पतला और नाजुक ब्रेसलेट चुनें। इसे कुर्ती, शर्ट, ट्राउजर, ड्रेस या इंडो-वेस्टर्न कपड़ों के साथ आसानी से स्टाइल किया जा सकता है। गोल्डन, सिल्वर या मोती वाला सिंपल ब्रेसलेट आपके लुक को बिना ज्यादा चमक-दमक के एलिगेंट बना सकता है।

हेयर एक्सेसरी

बालों में छोटी-सी हेयर एक्सेसरी लगाकर भी आप अपने ऑफिस लुक को तीज के लिए तैयार कर सकती हैं। लो बन या सिंपल चोटी के साथ फूलों वाली पिन, हरी क्लिप या मोतियों वाली हेयर पिन अच्छी लगेगी। सिर्फ एक छोटी-सी हेयर एक्सेसरी से लुक फेस्टिव भी लगेगा और ऑफिस के लिए सटल भी रहेगा।

बिंदी

छोटी-सी बिंदी आपके सिंपल ऑफिस आउटफिट को ट्रेडिशनल टच देने का सबसे आसान तरीका है। हरे, गोल्डन, मरून या बिंदी के छोटे सिंपल डिजाइन को कुर्ती, साड़ी या इंडो-वेस्टर्न ड्रेस के साथ पहन सकती हैं। अगर आपको बहुत ज्यादा फेस्टिव लुक पसंद नहीं है, तो छोटी गोल बिंदी चुनें। यह चेहरे पर हल्का और खूबसूरत फेस्टिव टच देगी।

पोटली बैग

ऑफिस के फेस्टिव लुक के साथ छोटा पोटली बैग भी काफी स्टाइलिश लगेगा। सॉलिड कुर्ती और ट्राउजर, अनारकली या इंडो-वेस्टर्न आउटफिट के साथ हल्की एम्ब्रॉयडरी, मोती या प्रिंट वाला पोटली बैग कैरी कर सकती हैं। यह लुक में तीज की रौनक जोड़ने के साथ फोन, लिपस्टिक और दूसरी छोटी जरूरी चीजें रखने के भी काम आएगा। ऑफिस के लिए बहुत भारी पोटली की जगह हल्की और सिंपल डिजाइन परफेक्ट रहेगा।

हिंदी में शेयर बाजार स्टॉक मार्केट न्यूज़,  बिजनेस न्यूज़,  पर्सनल फाइनेंस और अन्य देश से जुड़ी खबरें सबसे पहले मनीकंट्रोल हिंदी पर पढ़ें. डेली मार्केट अपडेट के लिए Moneycontrol App  डाउनलोड करें।