घर में बार-बार दिख रही हैं छिपकलियां? AC से लेकर रसोई तक जानें क्यों बढ़ रही है इनकी मौजूदगी और बचने के आसान उपाय
घर में छिपकलियों की मौजूदगी कई लोगों के लिए परेशानी और डर का कारण बन जाती है। पहले ये ज्यादातर दीवारों और छत पर दिखती थीं, लेकिन अब फर्श, खिड़कियों और कोनों में भी नजर आने लगी हैं। कीड़े-मकौड़े, छिपने की जगह और घर का माहौल इन्हें आकर्षित करता है। कुछ आसान उपायों से इन्हें दूर रखा जा सकता है
बाहर की तेज लाइट्स रात में कीड़ों को आकर्षित करती हैं
घर में छिपकली दिखना कोई नई बात नहीं है, लेकिन अब इनके बदलते ठिकाने लोगों को ज्यादा हैरान कर रहे हैं। पहले जहां ये दीवारों और छतों तक सीमित रहती थीं, वहीं अब कई बार फर्श, खिड़कियों और घर के कोनों में नजर आने लगी हैं। अचानक सामने आ जाने वाली इनकी तेज हरकत कई लोगों को डराने के लिए काफी होती है। हालांकि आम घरेलू छिपकलियां ज्यादातर नुकसान नहीं पहुंचातीं, फिर भी लोग इन्हें घर से दूर रखना चाहते हैं। खास बात यह है कि कई बार घर का माहौल ही इन्हें आकर्षित करता है।
खाने के लिए कीड़े, छिपने की जगह और कुछ खास कोने इनके लिए बेहतर ठिकाने बन जाते हैं। ऐसे में कुछ आसान घरेलू उपाय अपनाकर इनकी मौजूदगी को काफी हद तक कम किया जा सकता है।
डरावनी दिखती हैं
छिपकलियों की तेज हरकत, अचानक सामने आ जाना और उनका अलग रूप कई लोगों को परेशान कर देता है। हालांकि घरों में मिलने वाली आम छिपकलियां आमतौर पर नुकसान नहीं पहुंचातीं। इसके बावजूद ज्यादातर लोग इन्हें घर से दूर रखना चाहते हैं।
क्या आपका AC बुला रहा है छिपकलियों को?
आपको जानकर हैरानी हो सकती है कि एयर कंडीशनर भी छिपकलियों के छिपने की जगह बन सकता है। AC के बाहरी यूनिट में मौजूद अंधेरे कोने, गर्माहट और सुरक्षित जगह उन्हें आराम करने के लिए बेहतर माहौल देते हैं। इसके अलावा पाइप के आसपास छोटे छेद, दरारें और खुले हिस्से उनके घर में आने का रास्ता बन सकते हैं।
जहां कीड़े, वहां छिपकलियों की एंट्री
छिपकलियां अक्सर खाने की तलाश में घरों में आती हैं। AC यूनिट या घर के आसपास लगी लाइट्स की वजह से पतंगे, मक्खियां और छोटे कीड़े जमा होते हैं, जो छिपकलियों के लिए आसान भोजन बन जाते हैं। इसलिए कीड़ों की संख्या कम करना छिपकलियों को दूर रखने का सबसे आसान तरीका हो सकता है।
बिना केमिकल के छिपकलियों से दूरी
रासायनिक स्प्रे से पहले घरों में कई आसान घरेलू उपाय अपनाए जाते थे। ये तरीके छिपकलियों को पूरी तरह खत्म करने की गारंटी नहीं देते, लेकिन घर को उनके लिए कम आकर्षक बना सकते हैं।
लहसुन और प्याज की गंध से दूर रखने की कोशिश
दरवाजों, खिड़कियों और उन जगहों पर जहां छिपकलियां ज्यादा दिखती हैं, वहां लहसुन की कलियां या प्याज के टुकड़े रखने का घरेलू तरीका काफी पुराना है। माना जाता है कि इनकी तेज गंध छिपकलियों को दूर रखने में मदद कर सकती है।
काली मिर्च का स्प्रे और सफाई भी आएगी काम
काली मिर्च और पानी का हल्का घोल बनाकर कोनों और संभावित प्रवेश वाली जगहों पर स्प्रे करना भी एक लोकप्रिय घरेलू उपाय है। साथ ही घर की नियमित सफाई, खाने के टुकड़े न छोड़ना और रसोई को साफ रखना जरूरी है।
छिपने की जगह कम करें, परेशानी भी कम होगी
पुराने डिब्बे, अखबारों के ढेर और बेकार सामान छिपकलियों के छिपने के लिए बेहतर जगह बन जाते हैं। घर में अनावश्यक सामान कम रखने और दीवारों, खिड़कियों व दरवाजों की दरारें बंद करने से इनके आने के रास्ते कम किए जा सकते हैं।
रात की रोशनी भी खींच सकती है कीड़े और छिपकलियां
बाहर की तेज लाइट्स रात में कीड़ों को आकर्षित करती हैं और जहां कीड़े होंगे, वहां छिपकलियां भी पहुंच सकती हैं। इसलिए जरूरत न होने पर बाहरी लाइट्स बंद रखना भी घर को छिपकलियों से दूर रखने में मददगार हो सकता है।