अगर आपकी एड़ियां बार-बार फट जाती हैं और आप इन्हें ठीक करने के लिए तरह-तरह की महंगी क्रीम या दवाइयों पर पैसा खर्च कर रहे हैं, तो अब रुक जाना ही बेहतर है। अक्सर लोग सोचते हैं कि फटी एड़ियों की समस्या केवल कॉस्मेटिक प्रोडक्ट्स से ही ठीक हो सकती है, लेकिन ऐसा बिल्कुल नहीं है। रोजमर्रा की छोटी-छोटी गलतियां, मौसम का असर और पैरों की अनदेखी इस परेशानी को बढ़ा देती हैं। सर्दी हो या गर्मी, पैरों की त्वचा को भी उतनी ही देखभाल की जरूरत होती है जितनी चेहरे या हाथों को। अच्छी बात ये है कि एड़ियों को ठीक करने के लिए हमेशा बाजार से महंगे प्रोडक्ट लाने की जरूरत नहीं पड़ती।
घर में मौजूद कुछ साधारण चीजें और सही देखभाल अपनाकर भी इस समस्या से राहत पाई जा सकती है। प्राकृतिक उपाय न सिर्फ जेब पर हल्के होते हैं, बल्कि त्वचा को बिना किसी नुकसान के धीरे-धीरे मुलायम और स्वस्थ बनाने में भी मदद करते हैं।
सर्दियों में क्यों बढ़ जाती है ये समस्या
ठंड के मौसम में ठंडी हवा, हीटर और ब्लोअर के ज्यादा इस्तेमाल से त्वचा की नमी खत्म होने लगती है। पैरों की त्वचा पहले से ही रूखी होती है, ऐसे में नमी की कमी से एड़ियों फटने लगती है। समय पर ध्यान न देने से ये परेशानी और बढ़ सकती है।
अक्सर लोग मूंगफली खाते समय उसके छिलके को फेंक देते हैं, लेकिन ये छिलका फटी एड़ियों के लिए काफी फायदेमंद होता है। इसमें मौजूद नेचुरल ऑयल और एंटीऑक्सीडेंट्स त्वचा को पोषण देते हैं और ड्राई स्किन को रिपेयर करने में मदद करते हैं।
ऐसे करें सही तरीके से इस्तेमाल
सूखे मूंगफली के छिलकों को पीसकर पाउडर बना लें। इसमें नारियल का तेल, शहद और थोड़ा कच्चा दूध मिलाकर गाढ़ा पेस्ट तैयार करें। पैरों को गुनगुने पानी से धोकर इस पेस्ट से एड़ियों की हल्के हाथों से मसाज करें और कुछ देर लगा रहने दें। हफ्ते में दो–तीन बार इसका इस्तेमाल करने से एड़ियां धीरे-धीरे मुलायम होने लगती हैं।