ब्यूटी पार्लर जाने से पहले अपनाएं ये टिप्स, बजट में हो जाएगा पूरा मेकओवर!

चीन में 75 साल की एक महिला की पूरी जिंदगी की सेविंग ब्यूटी ट्रीटमेंट पर खर्च होने का मामला सामने आया है। रिपोर्ट के मुताबिक, महिला ने सैलून में कई महंगे ट्रीटमेंट कराए, जिन पर 4 करोड़ रुपये से ज्यादा खर्च हो गए। बाद में उनकी बेटी को पता चला कि इन सर्विस के लिए स्टैंडर्ड मार्केट रेट से काफी ज्यादा पैसे लिए गए थे।

अपडेटेड Sep 16, 2026 पर 1:03 PM
  • Follow Us On Google
  • Add as a Preferred Source on Google

आजकल खुद को अच्छा और खूबसूरत दिखाने के लिए ब्यूटी ट्रीटमेंट और वेलनेस सर्विस लेना आम बात हो गई है। फेशियल, स्किन ट्रीटमेंट, हेयर सर्विस, मसाज से लेकर कई तरह की कॉस्मेटिक प्रोसीजर लोगों की रोज की जरूरतों का हिस्सा बनती जा रही हैं। कई बार बेहतर रिजल्ट पाने की चाह में लोग एक के बाद एक सर्विस लेते रहते हैं और धीरे-धीरे इन पर होने वाला खर्च भी बढ़ता जाता है। शुरुआत में छोटी लगने वाली रकम जब बार-बार खर्च होती है, तो इसका असर बजट पर काफी ज्यादा पड़ सकता है।

खासकर महंगे ट्रीटमेंट या लंबे समय तक चलने वाली ब्यूटी सर्विस लेते समय कीमत, जरूरत और उसके असर को समझना जरूरी है। कुछ आसान सावधानियों को अपनाकर ब्यूटी ट्रीटमेंट पर होने वाले फिजूल खर्च को कम किया जा सकता है।

ट्रीटमेंट से पहले कीमत चेक करें

किसी भी कॉस्मेटिक ट्रीटमेंट या वेलनेस सर्विस को लेने से पहले कम से कम 2-3 जगहों पर इसकी कीमत जरूर पता करें। इससे आपको अंदाजा हो जाएगा कि मार्केट में उस सर्विस की सामान्य कीमत कितनी है। कोई जगह बाकी के मुकाबले बहुत ज्यादा पैसे मांग रही है, तो तुरंत बुकिंग करने के बजाय इसकी वजह समझें।


पहले ट्रीटमेंट की पूरी डिटेल लें

स्किन टाइटनिंग, थ्रेड लिफ्ट, टैटू या किसी दूसरे प्रोसीजर को कराने से पहले यह समझना जरूरी है कि इसमें क्या किया जाएगा, कितने सेशन की जरूरत होगी और इसका कुल खर्च कितना आएगा। केवल सेल्स स्टाफ की बात सुनकर तुरंत पैकेज खरीदने से बचें।

जरूरत देखकर ही पैकेज खरीदें

ब्यूटी सेंटर कई बार एक साथ कई सर्विस वाला पैकेज लेने की सलाह दे सकते हैं। ऐसे में पहले देखें कि आपको वास्तव में किन सर्विस की जरूरत है। बिना जरूरत के लंबा पैकेज लेने के बजाय एक-एक सर्विस की कीमत और फायदे को समझकर फैसला करना बेहतर है।

बिल और ट्रीटमेंट रिकॉर्ड संभालकर रखें

हर सर्विस के बाद बिल, पेमेंट रिसिप्ट और ट्रीटमेंट से जुड़ी जानकारी अपने पास रखें। यदि लंबे समय से किसी ब्यूटी सेंटर की सर्विस ले रहे हैं, तो समय-समय पर कुल खर्च का हिसाब भी देखते रहें। इससे यह पता रहेगा कि अब तक कितना खर्च हो चूका है।

जल्दबाजी में फैसला न लें

यदि कोई सैलून या क्लिनिक आपको तुरंत पैकेज खरीदने, आज ही भुगतान करने या बार-बार कोई नया ट्रीटमेंट कराने के लिए कह रहा है, तो पहले थोड़ा समय लें। जरूरत समझें, कीमत की तुलना करें और उसके बाद ही पैसा खर्च करें। एक्सपेंसिव कॉस्मेटिक प्रोसीजर में केवल ऑफर या सेल्स प्रेशर के कारण फैसला नहीं करना चाहिए।

ब्यूटी और वेलनेस पर किसी भी महंगे ट्रीटमेंट या सर्विस को लेने से पहले ये सभी सावधानियां जरूर रखें। इसके साथ ही यदि घर में माता-पिता या कोई बुजुर्ग रेगुलर महंगी ब्यूटी या वेलनेस सर्विस लेते हैं, तो परिवार के लोगों को भी इसकी जानकारी होनी चाहिए। किसी बड़े खर्च से पहले उनसे बातचीत करना और कीमत व सर्विस की जानकारी देख लेना फिजूल खर्च से बचाने में मदद कर सकता है।

हिंदी में शेयर बाजार स्टॉक मार्केट न्यूज़,  बिजनेस न्यूज़,  पर्सनल फाइनेंस और अन्य देश से जुड़ी खबरें सबसे पहले मनीकंट्रोल हिंदी पर पढ़ें. डेली मार्केट अपडेट के लिए Moneycontrol App  डाउनलोड करें।