Latest News Highlight: प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी शुक्रवार को चुनावी राज्य मध्य प्रदेश के दौरे पर हैं। इस दौरान उन्होंने चित्रकूट के कांच मंदिर का दौरा किया और पूजा अर्चना की। इसके बाद पीएम मोदी ने चित्रकूट में तुलसी पीठ के जगद्गुरु रामानंदाचार्य से मुलाकात की। पीएम मोदी ने राज्य की जनता से कहा कि चित्रकूट के बारे में कहा गया है- 'कामद भे गिरि राम प्रसादा। अवलोकत अपहरत विषादा' अर्थात चित्रकूट के पर्वत, कामदगिरि, भगवान राम के आशीर्वाद से सारे कष्टों और परेशानियों को हरने वाले हैं। चित्रकूट की ये महिमा यहां के संतों और ऋषियों के माध्यम से ही अक्षुण्ण बनी हुई है। पूज्य रणछोड़दास जी ऐसे ही संत थे। उनके निष्काम कर्मयोग ने मुझे हमेशा प्रेरित किया है। इसके अलावा पीएम ने स्वर्गीय अरविंद भाई मफतलाल के शताब्दी जन्म वर्ष समारोह में भी शिरकत की। इस दौरान उन्होंने कहा कि आज जानकीकुंड चिकित्सालय के नए विंग का लोकार्पण हुआ है, इससे लाखों मरीजों को नया जीवन मिलेगा। आने वाले समय में सद्गुरू मेडिसिटी में गरीबों की सेवा के इस काम को और भी विस्तार मिलेगा। मुझे खुशी है कि अरविंद भाई का परिवार उनकी परमार्थिक पूंजी को लगातार समृद्ध कर रहा है। मैं इसके लिए उनके परिवार के सभी सदस्यों को बधाई देता हूं।