Get App

लाइव ब्लॉग

MoneyControl News NOVEMBER 18, 2024 / 5:45 PM IST

Maharashtra Election 2024 Highlights: BJP ने राहुल गांधी को बताया 'छोटा पोपट', कांग्रेस नेता पर लगाया लोगों को 'गुमराह' करने का आरोप

Maharashtra Assembly Elections 2024 Highlights: महाराष्ट्र विधानसभा चुनाव में अब सिर्फ एक दिन का समय बच गया है। राज्य में चुनाव प्रचार का आज (18 नवंबर) आखिरी दिन है। सोमवार शाम को सभी जगहों पर चुनावी अभियान का शोर थम जाएगा। महाराष्ट्र में सत्तारूढ़ 'महायुति' और विपक्षी गठबंधन 'महा विकास अघाड़ी (MVA)' के नेता एक-दूसरे पर आरोप-प्रत्यारोप लगा रहे हैं। महाराष्ट्र में सभी 288 विधानसभा सीटों के लिए मतदान 20 नवंबर को होंगे। जबकि मतगणना 23 नवंबर को होगी। सभी अपडेट्स के लिए बने रहे https://hindi.moneycontrol.com/ के साथ

Maharashtra Vidhan Sabha Chunav 2024 Highlights: 20 नवंबर को होने वाले महाराष्ट्र विधानसभा चुनाव के लिए चुनावी प्रचार अभियान आज यानी सोमवार (18 नवंबर) को थोड़ी देर में थम जाएगा। मतदान से पहले कांग्रेस नेता राहुल गांधी ने आरक्षण पर लगी 50 प्रतिशत की सीमा हटाने और देश में जाति जनगणना कराने का सोमवार (18 नवंबर) को वादा किया। गांधी ने मुंबई में एक प्रेस कॉन्फ्रेंस में कहा, "जाति जनगणन

Maharashtra Election 2024 Live: महाराष्ट्र में 20 नवंबर को होने वाले विधानसभा चुनाव से पहले बीजेपी और कांग्रेस के बीच आरोप-प्रत्यारोप का दौर जारी है
Maharashtra Election 2024 Live: महाराष्ट्र में 20 नवंबर को होने वाले विधानसभा चुनाव से पहले बीजेपी और कांग्रेस के बीच आरोप-प्रत्यारोप का दौर जारी है
NOVEMBER 18, 2024 / 4:56 PM IST

Maharashtra Election 2024 Live: पालघर में 22 करोड़ रुपये की कैश जब्त

महाराष्ट्र विधानसभा चुनाव की घोषणा होने और आदर्श आचार संहिता लागू होने के बाद से अबतक पालघर जिले में कुल 22 करोड़ रुपये की नकदी, शराब और अन्य सामग्री जब्त की गई है। पालघर कलेक्टर और निर्वाचन अधिकारी गोविंद बोडके ने बताया कि जब्त सामान में 16.14 करोड़ रुपये नकद, 2.46 करोड़ रुपये मूल्य की शराब, 26.82 लाख रुपये की अनुमानित कीमत के ड्रग्स, लैपटॉप, साड़ियां और कुकर शामिल हैं।

महाराष्ट्र विधानसभा के लिए 20 नवंबर को मतदान होगा और चुनाव प्रचार सोमवार पांच बजे समाप्त हो रहा है। पालघर जिले के अंतर्गत छह विधानसभा सीट आती हैं जिनमें कुल 2,292,066 मतदाता रजिस्टर्ड है। जबकि 53 उम्मीदवार मैदान में हैं।

    NOVEMBER 18, 2024 / 4:33 PM IST

    Maharashtra Election 2024 Live: गडकरी का आरोप- कांग्रेस ने घाटे वाले उपक्रम शुरू किए

    केंद्रीय मंत्री नितिन गडकरी ने सोमवार (18 नवंबर) को कांग्रेस पर घाटे वाली परियोजनाएं शुरू करने, गांवों की उपेक्षा करने तथा सत्ता में रहने के दौरान देश को वास्तविक विकास से वंचित रखने का आरोप लगाया। भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) के वरिष्ठ नेता ने पूर्ववर्ती कांग्रेस नीत सरकारों पर निशाना साधते हुए कहा कि देश को गलत नीतियों और भ्रष्ट सरकार के कारण नुकसान उठाना पड़ा है।

    गडकरी ने देश में सड़क बुनियादी ढांचे को मजबूत करने के लिए पूर्व प्रधानमंत्री अटल बिहारी वाजपेयी की सराहना की। केंद्रीय सड़क परिवहन एवं राजमार्ग मंत्री ने 20 नवंबर को होने वाले महाराष्ट्र विधानसभा चुनाव के लिए राष्ट्रवादी कांग्रेस पार्टी (राकांपा) के उम्मीदवार राजकुमार बडोले के पक्ष में चुनाव प्रचार करते हुए गोंदिया जिले के सडक अर्जुनी में एक जनसभा को संबोधित किया।

      NOVEMBER 18, 2024 / 4:15 PM IST

      Maharashtra Election 2024 Live: बीजेपी ने राहुल गांधी को बताया 'छोटा पोपट'

      भारतीय जनता पार्टी (BJP) के राष्ट्रीय प्रवक्ता एवं लोकसभा सांसद डॉ संबित पात्रा ने सोमवार को एक प्रेस कॉन्फ्रेंस में कांग्रेस नेता राहुल गांधी को 'छोटा पोपट' करार दिया। पात्रा ने कहा कि हम सबके आदरणीय बाला साहेब ठाकरे के एक इंटरव्यू को हम देख रहे थे। जिसमें जब उनसे राहुल गांधी के विषय में पूछा गया तो उन्होंने कहा कि 'उस छोटे पोपट के बारे में मत पूछो।' मैं आज इस मंच से राहुल जी की भाषा में ही कहता हूं 'छोटा पोपट ने किया कांग्रेस को चौपट।' महाराष्ट्र विधानसभा चुनाव के लिए मतदान 20 नवंबर को होगा। मतगणना 23 नवंबर को होगी।

        NOVEMBER 18, 2024 / 4:11 PM IST

        Maharashtra Election 2024 Live: कांग्रेस का आरोप- महाराष्ट्र में अदाणी ग्रुप को परियोजनाओं की मंजूरी देने में जल्दबाजी की गई

        कांग्रेस ने सोमवार को महाराष्ट्र की 'महायुति' सरकार पर राज्य में चुनाव की घोषणा से पहले अदाणी समूह के लिए परियोजनाओं को मंजूरी देने में जल्दबाजी करने का आरोप लगाया और कहा कि लोग इन खेलों को पहले ही देख चुके हैं। कांग्रेस महासचिव (संचार) जयराम रमेश ने कहा कि महायुति के शीर्ष नेताओं की हाल की टिप्पणियों से यह स्पष्ट हो गया है कि महायुति सरकार इन परियोजनाओं को आगे बढ़ाने के लिए इतनी जल्दी में क्यों थी।

        रमेश ने X पर एक पोस्ट में कहा कि निर्वाचन आयोग ने 15 अक्टूबर को विधानसभा चुनाव की घोषणा की थी, उससे पहले भाजपा के नेतृत्व वाली प्रदेश सरकार 'मोदाणी' के लिए परियोजनाओं को मंजूरी देने में जुट गई थी। महाराष्ट्र विधानसभा चुनाव के लिए मतदान 20 नवंबर को होगा। मतगणना 23 नवंबर को होगी।

          NOVEMBER 18, 2024 / 4:00 PM IST

          Maharashtra Election 2024 Live: "ठाणे में टेंपो से 58.6 लाख रुपये मूल्य का गुटखा जब्त"

          महाराष्ट्र के ठाणे जिले में पुलिस ने एक टेंपो से 58.68 लाख रुपये मूल्य का प्रतिबंधित गुटखा जब्त कर उसके ड्राइवर को गिरफ्तार कर लिया। पुलिस ने एक गुप्त सूचना के आधार पर शनिवार दोपहर को भिवंडी इलाके में राशन कार्यालय परिसर में छापा मारा। निजामपुरा थाने के अधिकारी ने बताया कि उन्हें एक टेंपो में विभिन्न ब्रांडों के गुटखे भरे मिले। अधिकारी ने बताया कि 35 वर्षीय टेंपो चालक को गिरफ्तार कर लिया गया है और उससे पूछताछ के बाद पुलिस को अवैध गुटखा व्यापार में शामिल तीन अन्य लोगों के बारे में जानकारी मिली है। अब उन्हें पकड़ने के प्रयास किए जा रहे हैं।

            NOVEMBER 18, 2024 / 3:30 PM IST

            Maharashtra Election 2024 Live: जेपी नड्डा बोले- "MVA आपकी परेशानियों को और बढ़ाएगी"

            भारतीय जनता पार्टी (BJP) के राष्ट्रीय अध्यक्ष और केंद्रीय मंत्री जेपी नड्डा ने सोमवार (18 नवंबर) को कहा कि 'महायुति' महाराष्ट्र के विकास के लिए प्रतिबद्ध है जबकि महाविकास आघाडी आपकी परेशानियों को और बढ़ाएगी। नड्डा ने कहा, "आप महाराष्ट्र में महायुति की सरकार बनवाइए और मोदी के तीसरे कार्यकाल में भारत दुनिया की तीसरी सबसे बड़ी अर्थव्यवस्था बन जाएगा।"

            BJP अध्यक्ष ने शिवसेना (यूबीटी) के नेता उद्धव ठाकरे पर निशाना साधते हुए कहा, "बालासाहेब ठाकरे ने कहा था कि वह अपनी पार्टी खत्म कर देंगे, लेकिन कांग्रेस के साथ समझौता नहीं करेंगे। लेकिन आज उद्धव ठाकरे सत्ता के लिए कांग्रेस की गोद में बैठे हैं।" उन्होंने कहा, "मुख्यमंत्री एकनाथ शिंदे ने बालासाहेब ठाकरे के विचारों को आगे बढ़ाया है।"

            नड्डा ने एक रैली के दौरान कहा, "सत्ता की खातिर जिस तरह से आपने (उद्धव ठाकरे ने) अपने पिता के विचारों को दरकिनार कर कांग्रेस के साथ समझौता किया है उसके लिए महाराष्ट्र आपको कभी माफ नहीं करेगा।"

              NOVEMBER 18, 2024 / 3:18 PM IST

              Maharashtra Election 2024 Live: जेपी नड्डा ने राहुल गांधी पर लगाया लोगों को गुमराह करने का आरोप

              भारतीय जनता पार्टी (BJP) के राष्ट्रीय अध्यक्ष जेपी नड्डा ने सोमवार (18 नवंबर) को कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में महायुति और राष्ट्रीय जनतांत्रिक गठबंधन (NDA) ने महाराष्ट्र में राजनीति की एक नई संस्कृति और परिभाषा गढ़ी है। नड्डा ने नवी मुंबई में एक चुनावी रैली को संबोधित करते हुए कांग्रेस नेता राहुल गांधी पर संविधान को लेकर लोगों को गुमराह करने का आरोप लगाया। बीजेपी प्रमुख ने उनकी आलोचना करते हुए कहा, "आज राहुल गांधी संविधान की किताब लेकर घूमते हैं। उन्होंने संविधान की किताब पढ़ी तक नहीं है। वह बस, इसे लेकर घूमते हैं।"

                NOVEMBER 18, 2024 / 2:47 PM IST

                Maharashtra Election 2024 Live: महाराष्ट्र में निर्दलीय उम्मीदवार के घर पर गोलीबारी

                महाराष्ट्र में 20 नवंबर को होने वाले विधानसभा चुनाव से पहले जलगांव शहर में एक निर्दलीय उम्मीदवार के घर पर एक अज्ञात व्यक्ति ने सोमवार (18 नवंबर) को कथित तौर पर गोलीबारी की। पुलिस ने बताया कि इस घटना में कोई घायल नहीं हुआ है। आरोपी की पहचान करने तथा उसे पकड़ने की कोशिश की जा रही है। जलगांव पुलिस के एक अधिकारी ने बताया कि हमलावर ने शेरा नाका में रहने वाले निर्दलीय उम्मीदवार शेख अहमद हुसैन गुलाम हुसैन के घर पर कथित तौर पर तीन बार गोली चलाई।

                उसने बताया कि सोमवार तड़के चार बजे यह घटना हुई। पुलिस हमलावर की पहचान करने के लिए इलाके में लगे सीसीटीवी फुटेज की जांच कर रही है। अधिकारी ने बताया कि प्राथमिक सूचना के आधार पर एमआईडीसी पुलिस थाने में अज्ञात हमलावर के खिलाफ शस्त्र अधिनियम की संबंधित धाराओं के तहत मामला दर्ज कर लिया गया है और जांच जारी है।

                  NOVEMBER 18, 2024 / 2:11 PM IST

                  Maharashtra Election 2024 Live: "महायुती के पक्ष में वातावरण बना हुआ है"

                  केंद्रीय मंत्री और बीजेपी के राष्ट्रीय अध्यक्ष जे.पी. नड्डा ने महाराष्ट्र चुनाव प्रचार के आखिरी दिन कहा कि सभी क्षेत्रों में मुझे महायुती की लहर दिख रही है और महायुती के पक्ष में वातावरण बना हुआ है। महाराष्ट्र की जनता पहचान चुकी है कि उनका भविष्य और उनकी विकास की तमन्ना पूरा करने में महायुती ही सफल होगी इसलिए महायुती के पक्ष में माहौल है।

                  उन्होंने कहा कि जहां तक MVA का सवाल है, तो बड़े स्पष्ट शब्दों में कहूंगा उनके पास कोई मुद्दा नहीं है। सिर्फ सत्ता पाने और कुर्सी पर बैठने के लिए वे आतुर हैं और इसी के लिए वे योजनाएं बनाते हैं... बांटने का काम उन्होंने किया है।

                    NOVEMBER 18, 2024 / 1:41 PM IST

                    Maharashtra Election 2024 Live: महाराष्ट्र में 20 नवंबर को बंद रहेंगे बैंक

                    विधानसभा चुनाव के कारण 20 नवंबर को पूरे महाराष्ट्र में बैंक बंद रहेंगे। सरकार की तरफ से मतदान वाले दिन राज्य सरकार के कार्यालयों और अन्य संबंधित संगठनों के लिए सार्वजनिक अवकाश घोषित किया गया है।  इसके कारण, इस दिन बैंकों में कोई भी वित्तीय लेन-देन नहीं हो सकेगा। हालांकि, ग्राहक डिजिटल प्लेटफार्मों के जरिए किसी भी वक्त और कहीं से भी पैसे का लेन-देन कर सकते हैं।

                      NOVEMBER 18, 2024 / 1:16 PM IST

                      Maharashtra Election 2024 Live: राहुल गांधी ने 'एक हैं तो सेफ हैं' नारे का मजाक उड़ाया

                      कांग्रेस नेता राहुल गांधी ने सोमवार (18 नवंबर) को प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के 'एक हैं तो सेफ हैं' नारे का मजाक उड़ाया। उन्होंने भारतीय जनता पार्टी (BJP) पर महाराष्ट्र के लोगों की तुलना में उद्योगपति गौतम अदाणी के हितों को प्राथमिकता देने का आरोप लगाया। प्रेस कॉन्फ्रेंस के दौरान गांधी एक तिजोरी लेकर आए और इसमें से उन्होंने प्रधानमंत्री मोदी तथा अदाणी का एक पोस्टर निकाल कर कहा, "जब तक ये साथ हैं तब तक ये सुरक्षित हैं।"

                      उन्होंने तिजोरी से जो दूसरा पोस्टर निकाला उसमें अदाणी ग्रुप की धारावी पुनर्विकास परियोजना का नक्शा दिखाया गया था। गांधी ने आरोप लगाया कि यह तिजोरी मुंबई की संपदा का प्रतीक है, जिसे अदाणी, बीजेपी सरकार के समर्थन से निशाना बना रहे हैं।

                        NOVEMBER 18, 2024 / 12:32 PM IST

                        Maharashtra Elections 2024 Live: NCP उम्मीदवार सना मलिक ने आखिरी दिन किया प्रचार

                        अणुशक्ति नगर विधानसभा क्षेत्र से अजित पवार की अगुवाई वाली NCP उम्मीदवार सना मलिक ने महाराष्ट्र चुनाव प्रचार के आखिरी दिन सोमवार को कहा कि हम लोगों से मिल रहे हैं, अब हम उनसे अंतिम अपील करने आए हैं। भावना यह है कि हमें लोगों के बीच उसी तरह काम करना चाहिए जैसे हम पिछले 5-7 वर्षों से करते आ रहे हैं। उन्होंने कहा कि यह अभियान का अंतिम चरण है, हम सकारात्मक तरीके से आगे बढ़ रहे हैं... हम हमेशा लोगों के बीच रहते हैं।

                          NOVEMBER 18, 2024 / 12:14 PM IST

                          Maharashtra Elections 2024 Live: राहुल गांधी का वादा- महिलाओं के बैंक खाते में 3,000 रुपये जमा करेंगे, बस यात्रा फ्री होगी

                          लोकसभा में विपक्ष के नेता और कांग्रेस सांसद राहुल गांधी ने मुंबई में एक प्रेस कॉन्फ्रेस में कहा कि महाराष्ट्र का चुनाव विचारधाराओं का चुनाव है और 1-2 अरबपतियों और गरीबों के बीच का चुनाव है। अरबपति चाहते हैं कि मुंबई की जमीन उनके हाथ में जाए। अनुमान है कि 1 लाख करोड़ रुपये 1 अरबपति को दिए जाएंगे। हमारी सोच है कि महाराष्ट्र के किसानों, गरीबों, बेरोजगारों, युवाओं को मदद की जरूरत है।

                          रायबरेली से कांग्रेस सांसद गांधी ने कहा कि हम हर महिला के बैंक खाते में 3,000 रुपये जमा करेंगे, महिलाओं के लिए मुफ्त बस यात्रा होगी, किसानों का 3 लाख रुपये तक का कर्ज माफ किया जाएगा, सोयाबीन के लिए 7,000 रुपये प्रति क्विंटल दिए जाएंगे। साथ ही जाति जनगणना जो हम तेलंगाना, कर्नाटक में करवा रहे हैं, हम इसे महाराष्ट्र में भी करवाएंगे।

                            NOVEMBER 18, 2024 / 11:55 AM IST

                            Maharashtra Elections 2024 Live: 'हम आरक्षण पर लगी 50% की सीमा हटा देंगे'

                            कांग्रेस नेता राहुल गांधी ने महाराष्ट्र चुनाव प्रचार के आखिरी दिन सोमवार (18 नवंबर) को मुंबई में मीडिया से मुखातिब हुए। इस दौरान ने बड़ा ऐलान करते हुए कहा कि हम आरक्षण पर लगी 50 प्रतिशत की सीमा हटा देंगे। उन्होंने कहा कि जाति जनगणना हमारे सामने सबसे बड़ा मुद्दा है और हम इसे करेंगे। यह हमारा केंद्रीय स्तंभ है। लोकसभा में नेता प्रतिपक्ष महाराष्ट्र विधानसभा चुनाव कुछ अरबपतियों और गरीबों की विचारधारा के बीच की लड़ाई है।

                              NOVEMBER 18, 2024 / 11:48 AM IST

                              Maharashtra Elections 2024 Live: 'महाराष्ट्र चुनाव अरबपतियों और गरीबों की विचारधारा के बीच की लड़ाई है'

                              कांग्रेस नेता राहुल गांधी ने कहा कि महाराष्ट्र विधानसभा चुनाव कुछ अरबपतियों और गरीबों की विचारधारा के बीच की लड़ाई है। लोकसभा में नेता विपक्ष राहुल गांधी चुनाव प्रचार के आखिरी दिन सोमवार को मुंबई में मीडिया से मुखातिब हुए। गांधी ने बीजेपी के 'एक हैं तो सेफ हैं' नारे का मजाक उड़ाया।

                                NOVEMBER 18, 2024 / 11:28 AM IST

                                Maharashtra Elections 2024 Live: महाराष्ट्र चुनाव के कारण 20 नवंबर को BSE और NSE बंद रहेंगे

                                महाराष्ट्र विधानसभा चुनाव के कारण 20 नवंबर (बुधवार) को शेयर बाजार बंद रहेंगे। 8 नवंबर की जारी अपनी एक अधिसूचना में कहा गया है कि नेशनल स्टॉक एक्सचेंज (NSE) और बॉम्बे स्टॉक एक्सचेंज (BSE) महाराष्ट्र में विधानसभा चुनाव के कारण 20 नवंबर, 2024 को बंद रहेंगे।

                                  NOVEMBER 18, 2024 / 11:17 AM IST

                                  Maharashtra Elections 2024 Live: मतदान केंद्रों के 200 मीटर के दायरे में चप्पलों पर प्रतिबंध लगाने की मांग

                                  महाराष्ट्र विधानसभा चुनाव 2024 में परांदा से चुनाव लड़ रहे एक स्वतंत्र उम्मीदवार ने निर्वाचन क्षेत्र में मतदान केंद्रों के 200 मीटर के दायरे में चप्पलों पर प्रतिबंध लगाने का अजीबोगरीब अनुरोध किया है, क्योंकि चप्पल उनके चुनाव चिह्न का प्रतिनिधित्व करते हैं। हालांकि, परांदा के रिटर्निंग ऑफिसर ने गुरुदास संभाजी कंबाले के अनुरोध को यह कहते हुए खारिज कर दिया कि "चप्पल दैनिक उपयोग की वस्तुएं हैं।" कंबाले ने "अपने प्रतीक के लिए न्याय" पाने के लिए हाई कोर्ट का दरवाजा खटखटाने की धमकी दी है।

                                    NOVEMBER 18, 2024 / 11:02 AM IST

                                    Maharashtra Elections 2024 Live: अजित पवार गुट के उम्मीदवारों को बुरी तरह से हराएं: शरद पवार

                                    राष्ट्रवादी कांग्रेस पार्टी (SP) सुप्रीमो शरद पवार ने 20 नवंबर हो होने जा रहे विधानसभा चुनाव में, मतदाताओं से अजित पवार के नेतृत्व में बगावत करने वालों को न केवल हराने बल्कि बुरी तरह से हराने की अपील की है। शरद पवार ने सोलापुर जिले के माढा में जनसभा को संबोधित करते हुए दल-बदल की एक घटना को याद किया, जिसके कारण लगभग पांच दशक पहले उन्हें विधानसभा में नेता प्रतिपक्ष का पद खोना पड़ा था। उनके दृढ़ संकल्प के कारण उन सभी लोगों की हार हुई जिन्होंने उनके साथ विश्वासघात किया था।

                                    उन्होंने कहा, "1980 के चुनाव में, हमारी पार्टी से 58 लोग चुनाव जीते और मैं विपक्ष का नेता बना। मैं विदेश गया था और जब वापस आया तो मुझे एहसास हुआ कि मुख्यमंत्री एआर अंतुले साहब ने कोई चमत्कार कर दिया है और 58 में से 52 विधायकों ने पाला बदल लिया है। मैंने विपक्ष के नेता का पद खो दिया।"

                                    जनसभा को संबोधित करते हुए NCP (एसपी) प्रमुख ने कहा, "मैंने (उस समय) कुछ नहीं किया। मैंने सिर्फ राज्य भर में लोगों से संपर्क करना शुरू किया और तीन साल तक कड़ी मेहनत की। अगले चुनावों में मैंने उन सभी 52 विधायकों के खिलाफ युवा उम्मीदवार खड़े किए, जिन्होंने मुझे छोड़ दिया था। मुझे महाराष्ट्र के लोगों पर गर्व है कि मुझे छोड़ने वाले सभी 52 विधायक हार गए।"

                                    महाराष्ट्र के 83 वर्षीय दिग्गज नेता ने 1967 में 27 वर्ष की आयु में विधायक बनने के बाद से एक अपराजित नेता के रूप में अपनी स्थिति रेखांकित करते हुए कहा कि मेरे अपने अनुभव हैं। उन्होंने कहा, "जिन लोगों ने विश्वासघात किया है, उन्हें उनकी जगह दिखानी चाहिए। उन्हें सिर्फ हराएं ही नहीं, बल्कि बुरी तरह हराएं।"

                                    पिछले साल जुलाई में अजित पवार और आठ विधायक महाराष्ट्र की एकनाथ शिंदे सरकार में शामिल हो गई थी जिसके बाद राष्ट्रवादी कांग्रेस पार्टी का विभाजन हो गया था। निर्वाचन आयोग ने बाद में अजित पवार गुट को पार्टी का नाम और 'घड़ी' चुनाव चिह्न आवंटित कर दिया।

                                      NOVEMBER 18, 2024 / 10:48 AM IST

                                      Maharashtra Elections 2024 Live: कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खड़गे ने 'जहर' से की RSS-BJP की तुलना

                                      कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खड़गे ने रविवार (17 नवंबर) को भारतीय जनता पार्टी (BJP) और राष्ट्रीय स्वयं सेवक संघ (RSS) की तुलना 'जहर' से कर दी। कांग्रेस प्रमुख ने उन्हें भारत में 'राजनीतिक रूप से सबसे खतरनाक' करार दिया। खड़गे ने महाराष्ट्र विधानसभा चुनाव के लिए प्रचार समाप्त होने से ठीक एक दिन पहले सांगली में एक जनसभा को संबोधित करते हुए 'जहरीले सांप को मारने' का उदाहरण दिया।

                                      कांग्रेस अध्यक्ष ने कहा, "अगर भारत में राजनीतिक रूप से सबसे खतरनाक कोई चीज है तो वह BJP और RSS हैं। वे जहर की तरह हैं। अगर सांप काटता है तो वह व्यक्ति (जिसे काटा गया है) मर जाता है... ऐसे जहरीले सांप को मार देना चाहिए।" उन्होंने यूपी में आग लगने से 10 नवजात शिशुओं की मौत को लेकर उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ पर निशाना साधा।

                                      खड़गे ने कांग्रेस के बागी और सांगली से निर्दलीय सांसद विशाल पाटिल का नाम लिए बगैर उन पर पार्टी को धोखा देने और अपने रिश्तेदार का समर्थन करने का आरोप लगाया। पाटिल की रिश्तेदार 20 नवंबर को होने वाले विधानसभा चुनाव में निर्दलीय उम्मीदवार के रूप में चुनाव लड़ रही हैं। कांग्रेस अध्यक्ष ने बीजेपी पर कटाक्ष करते हुए कहा कि महाराष्ट्र चुनाव में प्रचार करने वाले नेताओं की संख्या, मैदान में उतरे उसके उम्मीदवारों की संख्या से अधिक है।

                                      खड़गे ने राज्य स्तरीय चुनावों के लिए जनसभाएं आयोजित करने को लेकर प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी पर भी निशाना साधा। कांग्रेस अध्यक्ष ने कहा कि यह विधानसभा का चुनाव है, देश का प्रधानमंत्री चुनने का नहीं। उन्होंने कहा कि उनकी (मोदी की) सत्ता की भूख अभी शांत नहीं हुई है। उन्होंने पीएम मोदी पर जातीय संघर्ष से जूझ रहे मणिपुर का दौरा न करने और इसके बजाय विदेश यात्रा करने का आरोप लगाया।

                                        NOVEMBER 18, 2024 / 10:34 AM IST

                                        Maharashtra Elections 2024 Live: कोल्हापुर में जनसुराज्य शक्ति पार्टी के नेता पर हमला

                                        महाराष्ट्र में जनसुराज्य शक्ति पार्टी के नेता और कोल्हापुर जिले के करवीर विधानसभा क्षेत्र से उम्मीदवार संतजी घोरपड़े पर कथित तौर पर हत्या के प्रयास में हमला किया गया है। रविवार देर रात एक जनसभा को संबोधित करने के बाद लौटते समय 6-7 अज्ञात लोगों ने उन पर हमला कर दिया। उनकी गाड़ी को रोककर उन पर पत्थर फेंके गए, जिससे उनके सिर और हाथ में चोट आई। हमलावर अंधेरे का फायदा उठाकर भाग गए। फिलहाल, पुलिस उनकी तलाश में जुट गई है।

                                          NOVEMBER 18, 2024 / 10:27 AM IST

                                          Maharashtra Elections 2024 Live: महाराष्ट्र में दिग्गजों ने किया प्रचार

                                          प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी, गृह मंत्री अमित शाह, बीजेपी अध्यक्ष जेपी नड्डा, कांग्रेस नेता मल्लिकार्जुन खड़गे और राहुल गांधी समेत एनडीए और INDIA दोनों गठबंधनों के स्टार प्रचारकों ने प्रचार के दौरान अपने-अपने पार्टी उम्मीदवारों के लिए वोट मांगे। 288 सदस्यीय महाराष्ट्र विधानसभा के लिए मतदान 20 नवंबर को एक ही चरण में होगा। जबकि मतों की गिनती 23 नवंबर को होगी। महाराष्ट्र विधानसभा चुनाव में मुख्यमंत्री एकनाथ शिंदे के नेतृत्व वाली शिवसेना, BJP और राष्ट्रवादी कांग्रेस पार्टी (NCP) के महायुति गठबंधन का NCP (एसपी), शिवसेना (UBT) और कांग्रेस के गठबंधन एमवीए से कड़ा मुकाबला है।

                                            NOVEMBER 18, 2024 / 10:26 AM IST

                                            Maharashtra Elections 2024 Live: भतीजे अजित पर हमलावर हुए शरद पवार

                                            राष्ट्रवादी कांग्रेस पार्टी (एसपी) सुप्रीमो शरद पवार ने 20 नवंबर हो होने जा रहे विधानसभा चुनाव में, मतदाताओं से अजित पवार के नेतृत्व में बगावत करने वालों को न केवल हराने बल्कि 'बुरी तरह से हराने' की अपील की है। पिछले साल जुलाई में अजित पवार और आठ विधायक महाराष्ट्र की एकनाथ शिंदे सरकार में शामिल हो गई थी जिसके बाद राष्ट्रवादी कांग्रेस पार्टी का विभाजन हो गया था। निर्वाचन आयोग ने बाद में अजित पवार गुट को पार्टी का नाम और 'घड़ी' चुनाव चिह्न आवंटित कर दिया, जबकि पवार ने अपने गुट का नाम राकांपा (शरदचंद्र पवार) रखा गया और उसे चुनाव चिह्न 'तुरही बजाता हुआ व्यक्ति' आवंटित किया गया।

                                              NOVEMBER 18, 2024 / 10:25 AM IST

                                              Maharashtra Elections 2024 Live: राहुल गांधी आज मुंबई में करेंगे प्रेस कॉन्फ्रेंस

                                              20 नवंबर को होने वाले महाराष्ट्र विधानसभा चुनाव के लिए चुनावी प्रचार अभियान आज यानी सोमवार (18 नवंबर) को खत्म हो जाएगा। कांग्रेस नेता राहुल गांधी आज राज्य की राजधानी मुंबई में एक अहम प्रेस कॉन्फ्रेंस को संबोधित करेंगे। इस बीच, ऐसी खबरें हैं कि कोल्हापुर में जनसुराज्य शक्ति पार्टी के नेता पर हमला किया गया है।

                                                NOVEMBER 18, 2024 / 10:24 AM IST

                                                Maharashtra Elections 2024 Live: महाराष्ट्र में चुनाव प्रचार का आज आखिरी दिन

                                                महाराष्ट्र विधानसभा चुनाव में अब सिर्फ दो दिन का समय बच गया है। राज्य में चुनाव प्रचार का आज (18 नवंबर) आखिरी दिन है। सोमवार शाम को सभी जगहों पर चुनावी अभियान का शोर थम जाएगा। महाराष्ट्र में सत्तारूढ़ 'महायुति' और विपक्षी गठबंधन 'महा विकास अघाड़ी (MVA)' के नेता एक-दूसरे पर आरोप-प्रत्यारोप लगा रहे हैं। महाराष्ट्र में सभी 288 विधानसभा सीटों के लिए मतदान 20 नवंबर को होंगे। जबकि मतगणना 23 नवंबर को होगी।

                                                  NOVEMBER 18, 2024 / 10:24 AM IST

                                                  मनीकंट्रोल के लाइव ब्लॉग में आप सभी का स्वागत है