Adani Group की कॉपर बिजनेस में एंट्री, SBI सहित सरकारी बैंकों ने दिए 6701 करोड़ लोन

KCL को पहले चरण में 5 लाख टन कैपेसिटी के लिए सरकारी बैंक लोन दे रहे हैं। इनमें SBI, बैंक ऑफ बड़ौदा, केनरा बैंक, एग्जिम बैंक ऑफ इंडिया, इंडियन बैंक, PNB और बैंक ऑफ महाराष्ट्र शामिल हैं

अपडेटेड Jun 27, 2022 पर 1:31 PM
KCL की शुरुआत 24 मार्च, 2021 को कॉपर बिजनेस के लिए हुई थी।

Adani Group ने कॉपर बिजनेस में कदम रखा है। इसके लिए वह गुजरात के मुंदरा में सालाना 10 लाख टन क्षमता का प्लांट लगा रहा है। इसके लिए SBI सहित सरकारी बैंकों से उसे 6701 करोड़ रुपये का लोन मिलेगा। अडानी देश में सबसे तेजी से बढ़ने वाला ग्रुप है। यह ग्रुप पोर्ट्स, एनर्जी सहित कई तरह के बिजनेस में है।

अडानी ने कहा है, "कच्छ कॉपर लिमिटेड (KCL) एक ग्रीनफील्ड रिफाइनरी प्रोजेक्ट लगा रही है। इसके लिए उसने सरकारी बैंकों से लोन के लिए समझौता किया है। गुजरात के मुंदरा स्थित इस प्लांट की सालाना उत्पादन क्षमता 10 लाख टन होगी।" KCL अडानी एंटरप्राइजेज लिमिटेड की सब्सिडियरी है।

यह भी पढ़ें : New Labour Code : सैलरी पेमेंट और फुल एंड फाइनल सेटलमेंट के नियम भी बदल जाएंगे, यहां जानिए इसकी डिटेल


KCL को पहले चरण में 5 लाख टन कैपेसिटी के लिए सरकारी बैंक लोन दे रहे हैं। इनमें SBI, बैंक ऑफ बड़ौदा, केनरा बैंक, एग्जिम बैंक ऑफ इंडिया, इंडियन बैंक, PNB और बैंक ऑफ महाराष्ट्र शामिल हैं। SBI की अगुवाई वाला बैंकों का यह कंसोर्शियम पहले चरण के प्रोजेक्ट के लिए 6,071 करोड़ रुपये का लोन दे रहा है।

Adani Enterprises के डायरेक्टर विनय प्रकाश ने कहा, "इस प्रोजेक्ट ने जरूरी टेक्नोलॉजी के लिए समझौता किया है। साइट पर कंस्ट्रक्शन वर्क तेजी से चल रहा है। 2024 की पहली छमाही में उत्पादन शुरू हो जाने की उम्मीद है। यह दुनिया में सबसे बड़े कॉपर रिफाइनरी कॉम्प्लक्सेज में से एक होगा।"

उन्होंने कहा कि इसके लिए बेंचमार्क ESG परफॉर्मेंस स्टैंडर्ड्स, स्टेट ऑफ द आर्ट टेक्नोलॉजी और डिजिटाइजेशन का इस्तेमाल किया जा रहा है। बैंकों से फंडिंग मिल जाने के बाद हमें तय समय में इस प्रोजेक्ट के पूरा हो जाने की उम्मीद है। उन्होंने यह भी कहा कि अडानी ग्रुप के लिए KCL मैटेरियल, मेटल और माइनिंग वर्टिकल का हिस्सा होगा।

इस प्रोजेक्ट के लिए बैंकों से फंडिंग हासिल करने में एसबीआई कैपिटल ने अडानी ग्रुप के लिए फाइनेंशियल एडवाइजर की भूमिका निभाई। देसाई एंड दीवानजी एसोसिएट्स बैंकों के लीगल काउंसल थे।

KCL की शुरुआत 24 मार्च, 2021 को कॉपर बिजनेस के लिए हुई थी। यह कॉपर कैथोड्स, कॉपर रोड्स और संबंधित प्रोडक्ट्स की मैन्युफैक्चरिंग करेगी। अडानी ग्रुप की कंपनियों में Adani Ports & SEZ Limited, Adani Transmission Limited, Adani Power Limited, Adani Green Energy Limited, Adani Total Gas Limited and Adani Wilmar Limited शामिल हैं।

हिंदी में शेयर बाजार स्टॉक मार्केट न्यूज़,  बिजनेस न्यूज़,  पर्सनल फाइनेंस और अन्य देश से जुड़ी खबरें सबसे पहले मनीकंट्रोल हिंदी पर पढ़ें. डेली मार्केट अपडेट के लिए Moneycontrol App  डाउनलोड करें।