Cyrus Mistry के अचानक निधन से Shapoorji Pallonji Group के भविष्य को लेकर सवाल खड़े हो गए हैं। SP Group देश के सबसे पुराने बिजनेस ग्रुप में से एक है। 157 साल पुराने इस ग्रुप की मौजूदगी कई तरह के बिजनेस में है। साइरस मिस्त्री इसके एमडी थे। 2016 में टाटा ग्रुप के चेयरमैन पद से इस्तीफा देने के बाद वह इसका कामकाज देख रहे थे। उनके परिवार में उनकी पत्नी Rohiqua और दो बेटे-Firoz और Zahan हैं।
साइरस मिस्त्री के पिता पालोनजी मिस्त्री का निधन इस साल 28 जून को हुआ था। ब्लूमबर्ग बिलियनेयर इंडेक्स के मुताबिक, एसपी ग्रुप का नेटवर्थ करीब 30 अरब डॉलर है। 130 अरब डॉलर के टाटा संस में इसकी 18.6 फीसदी हिस्सेदारी है।
शापोरजी पालोनजी ग्रुप की स्थापना सीनियर पालोनजी मिस्त्री ने 1865 में की थी। वह सायरस मिस्त्री के पिता पालोनजी मिस्त्री के दादा (grandfather) थे। तब इसका नाम Littlewood Pallonji & Co था। साइरस मिस्त्री दिसंबर 2012 में टाटा ग्रुप के चेयरमैन बने थे। उसके बाद इस ग्रुप का कामकाज उनके बड़े भाई शापोर मिस्त्री के जिम्मे आ गया था।
एसपी ग्रुप के मैनेजमेंट में 2019 के आखिर में बड़ा बदलाव देखने को मिला। शापोर के 26 साल के बेटे पालोन को ग्रुप की होल्डिंग कंपनी के बोर्ड में शामिल किया गया। शापोर की बेटी Tanya को ग्रुप के कॉर्पोरेट सोशल रिस्पॉन्सिबिलिटी की जिम्मेदारी दी गई। नई पीढ़ी के लोगों को एसपी ग्रुप की कंपनियों के डिजिटाइजेशन और शेयरहोल्डर्स के साथ बेहतर कम्युनिकेशन की जिम्मेदारी दी गई है। पालोन एसपी ग्रुप की टॉप कमेटी के सदस्य हैं, जो लंबी अवधि के रणनीतिक सहित बड़े फैसले लेती है।
साइरस मिस्त्री ने 2012 में टाटा ग्रुप का चेयरमैन बनने के बाद से खुद को एसपी ग्रुप के कामकाज से पूरी तरह अलग कर लिया था। इसका मकसद टाटा ग्रुप के साथ किसी तरह के हितों के टकराव की स्थिति से बचना था। उन्होंने एसपी ग्रुप की कंपनियों को कंपटिटिव बिडिंग के बगैर टाटा ग्रुप की कंपनियों की कंपनियों के साथ किसी तरह की बिजनेस डील करने से मना कर दिया था।
एसपी ग्रुप के बिजनेस में कंस्ट्रक्शन, रियल एस्टेट, कंज्यूमर गुड्स, सोलर पावर सहित कई तरह के बिजनेसेज शामिल हैं। इस ग्रुप का बिजनेस 50 से अधिक देशों में है। इसमें 50,000 से ज्यादा लोग काम करते हैं।