Akasa Air ने 150 Boeing 737 मैक्स विमानों के लिए दिया ऑर्डर, इंटरनेशनल ऑपरेशन का विस्तार करेगी एयरलाइन

Akasa Air ने एक बयान में कहा कि ताजा ऑर्डर से एयरलाइन को 2032 तक लगातार विमान मिल सकेंगे। इससे कंपनी की घरेलू और अंतरराष्ट्रीय विस्तार योजनाओं को मजबूती मिलेगी। जिन 150 विमानों के ऑर्डर दिए गए हैं उनमें 737 मैक्स 10 और 737 मैक्स 8-200 जेट शामिल हैं

अपडेटेड Jan 18, 2024 पर 12:52 PM
Akasa Air ने एक बयान में कहा कि ताजा ऑर्डर से एयरलाइन को 2032 तक लगातार विमान मिल सकेंगे (FILE PHOTO: REUTERS)

अकासा एयर (Akasa Air) ने गुरुवार को 150 बोइंग 737 मैक्स विमानों के लिए ऑर्डर दिया। दो साल से भी कम पुरानी एयरलाइन अपने घरेलू और इंटरनेशनल ऑपरेशन का विस्तार करना चाहती है, जिसके तहत यह ऑर्डर दिया गया है। एयरलाइन ने एक बयान में कहा कि ताजा ऑर्डर से एयरलाइन को 2032 तक लगातार विमान मिल सकेंगे। इससे कंपनी की घरेलू और अंतरराष्ट्रीय विस्तार योजनाओं को मजबूती मिलेगी। जिन 150 विमानों के ऑर्डर दिए गए हैं उनमें 737 मैक्स 10 और 737 मैक्स 8-200 जेट शामिल हैं।

अकासा एयर ने 2021 में 72 बोइंग 737 मैक्स विमानों का प्रारंभिक ऑर्डर दिया था। इसके बाद कंपनी ने जून 2023 में चार बोइंग 737 मैक्स-8 विमानों का ऑर्डर दिया। बयान में कहा गया कि जनवरी 2024 के इस ताजा सौदे के साथ एयरलाइन की कुल ऑर्डर बुक बढ़कर 226 एयरक्राफ्ट तक हो गई है।

अकासा एयर वर्तमान में 22 विमानों के बेड़े का संचालन करती है। उसे अगले 8 सालों के दौरान कुल 204 एयरक्राफ्ट मिलेंगे। अकासा एयर के संस्थापक और CEO विनय दुबे ने पीटीआई से कहा कि इस बड़े और ऐतिहासिक एयरक्राफ्ट ऑर्डर से एयरलाइन को इस दशक के अंत तक दुनिया की शीर्ष 30 अग्रणी एयरलाइनों में शामिल होने में मदद मिलेगी।


ये भी पढ़ें- Bengaluru: PM मोदी 19 जनवरी को Boeing के ग्लोबल टेक्नोलॉजी सेंटर कैंपस का करेंगे उद्घाटन

उन्होंने कहा, ''हमारे बेड़े में ये बढ़ोतरी हमें अपने परिचालन की ताकत बढ़ाने में मदद करेगी और हम निकट भविष्य में अंतरराष्ट्रीय सेवाएं शुरू कर सकेंगे।'' इस ऑर्डर की घोषणा यहां 'विंग्स इंडिया 2024' कार्यक्रम में की गई। Akasa Air अब दक्षिण एशिया, दक्षिण-पूर्व एशिया एवं पश्चिम एशिया के देशों के लिए फ्लाइट्स संचालित करने की योजना बना रही है।

हिंदी में शेयर बाजार स्टॉक मार्केट न्यूज़,  बिजनेस न्यूज़,  पर्सनल फाइनेंस और अन्य देश से जुड़ी खबरें सबसे पहले मनीकंट्रोल हिंदी पर पढ़ें. डेली मार्केट अपडेट के लिए Moneycontrol App  डाउनलोड करें।