दिग्गज निवेशक राधाकिशन दमानी की कंपनी एवेन्यू सुपरमार्ट्स (Avenue Supermarts) के सीईओ नेविल नोरोन्हा अपने वर्तमान कार्यकाल के बाद कंपनी के मैनेजिंग डायरेक्टर और सीईओ के पद से हट जाएंगे। उनका कार्यकाल जनवरी 2026 में खत्म होगा। D-Mart सुपरमार्केट चेन की ओनर एवेन्यू सुपरमार्ट्स ने एक्सचेंज फाइलिंग में कहा कि 20 साल से अधिक के असाधारण नेतृत्व और बिजनेस की टॉप पोजिशन पर एक शानदार कार्यकाल के बाद नेविल ने अपना कॉन्ट्रैक्ट आगे नहीं बढ़ाने का फैसला किया है।
कंपनी ने बताया है कि IIT रुड़की और IIM लखनऊ के पूर्व छात्र अंशुल असावा D-Mart में शामिल होंगे। वह यूनिलीवर में 30 साल के लंबे करियर के बाद एवेन्यू सुपरमार्ट्स जॉइन कर रहे हैं। यूनिलीवर में असावा ने प्रोडक्ट कैटेगरीज की ग्रोथ की देखरेख और भारत, एशिया और यूरोप में प्रभावशाली कार्यों को विकसित करने में लीडरशिप रोल निभाया।
अभी क्या कर रहे हैं अंशुल असावा
अंशुल असावा वर्तमान में थाइलैंड में यूनिलीवर के कंट्री हेड और ग्रेटर एशिया में होम केयर बिजनेस यूनिट के जनरल मैनेजर हैं। भारत में अपने 15 से अधिक वर्षों के कार्यकाल के दौरान अंशुल ने सेल्स, मार्केटिंग और डिस्ट्रीब्यूशन में प्रमुख लीडरशिप पोजिशंस पर काम किया। अंशुल असावा ने HUL में डिजिटाइजेशन प्रयासों का नेतृत्व किया और भारत के शहरी और ग्रामीण बाजारों में होमकेयर कैटेगरी और सेल्स एंड डिस्ट्रीब्यूशन ट्रांसफॉरमेशंस के लिए लीडिंग प्रोडक्ट इनोवेशंस में भी सबसे आगे रहे।
एवेन्यू सुपरमार्ट्स ने यह भी कहा कि नेविल अगले साल के दौरान एक सहज बदलाव के लिए अंशुल को सपोर्ट करेंगे क्योंकि अंशुल मार्च, 2025 में कंपनी में शामिल होंगे। अंशुल के 1 फरवरी, 2026 को एमडी और सीईओ के रूप में कार्यभार संभालने की उम्मीद है।
नेविल के नेतृत्व में D-Mart ने हासिल कीं महत्वपूर्ण उपलब्धियां
नेविल जनवरी 2004 में डीमार्ट में शामिल हुए थे। उन्होंने कंपनी को इसके शुरुआती वर्षों से लेकर देश की सबसे बड़ी सुपरमार्केट चेन्स में से एक के रूप में इसकी वर्तमान स्थिति तक पहुंचाया है। नेविल के नेतृत्व में डीमार्ट ने महत्वपूर्ण उपलब्धियां हासिल कीं। जैसे कि 50,000 करोड़ रुपये के वार्षिक टर्नओवर के मार्क को क्रॉस करना। जब नेविल कंपनी के साथ जुड़े थे तो उस वक्त डीमार्ट स्टोर्स की संख्या केवल 5 थी। अब यह बढ़कर 380 से अधिक स्टोर तक पहुंच गई है।