Netflix India : नेटफ्लिक्स इंडिया ने सोमवार को एक शॉर्ट फिल्म वर्कशॉप और कॉम्पिटीशन ‘टेक टेन’ लॉन्च करने का ऐलान किया, जिसका उद्देश्य भारत में विभिन्न पृष्ठभूमि से आने वाले फिल्ममेकर्स की खोज करना और उन्हें सपोर्ट करना है। एक बयान में कंपनी ने कहा कि इसके तहत 10 फिल्ममेकर्स को क्रिएटिव इंडस्ट्री की सर्वश्रेष्ठ वर्कशॉप में भाग लेने और फिर 10 हजार डॉलर (लगभग 7.50 लाख रुपये) की ग्रांट के साथ एक फुल्ली फंडेड शॉर्ट फिल्म बनाने का शानदार अवसर दिया जाएगा। इन फिल्मों को नेटफ्लिक्स के इंडिया यूट्यूब चैनल पर प्रदर्शित किया जाएगा।
स्टोरी टेलर्स को हर साल 10 करोड़ डॉलर देगी कंपनी
टेक टेन को नेटफ्लिक्स के फंड फॉर क्रिएटिव इक्विटी द्वारा स्पॉन्सर किया गया है, जिसमें कम प्रतिनिधित्व वाली कम्युनिटीज से आने वाले अगली पीढ़ी के स्टोरीटेलर्स को सपोर्ट देने के लिए पांच साल तक 10 करोड़ डॉलर प्रति वर्ष धनराशि तय की गई है। नेटफ्लिक्स की हेड (एक्सटर्नल अफेयर्स एशिया पैसिफिक) ऐमी सैविटा लेफेव्रे ने कहा, “हम एक शॉर्ट फिल्म वर्कशॉप और कॉम्पिटिशन ‘टेक इंडिया’ को भारत में लॉन्च करने को लेकर उत्साहित हैं। इससे भारत में किसी भी जगह के महत्वाकांक्षी फिल्ममेकर्स को अपनी कहानियां सुनाने का मौका मिलेगा।”
उन्होंने कहा, नेटफ्लिक्स के फंड फॉर क्रिएटिव इक्विटी द्वारा सपोर्टेड ‘टेक टेन’ से पता चलता है कि अच्छी कहानियां कहीं से भी सामने आ सकती हैं और इससे फिल्ममेकर्स को इंडस्ट्री में कुछ सर्वश्रेष्ठ लोगों से ट्रेनिंग हासिल करने के नए अवसर मिलते हैं।
टेक टेन के लिए वही लोग आवेदन कर सकते हैं, जो भारत के नागरिक हों और उनकी उम्र 18 साल से ज्यादा हो। रजिस्ट्रेशन 7 फरवरी, 2022 से शुरू होंगे। इसके लिए आवेदन को माई इंडिया विषय पर दो मिनट तक की एक फिल्म सबमिट करनी होगी, जिसे उन्हें अपने फोन से शूट किया जाना चाहिए और खुद को फिल्ममेकर के रूप में पेश किया जाना चाहिए।
स्टेटमेंट में कहा गया, चुने गए पार्टिसिपैंट्स को अभिषेक चौबे, हंसल मेहता, जूही चतुर्वेदी, नीरज घैवान और गुनीत मोंगा जैसे लोगों से लेखन, निर्देशन, निर्माण की बारीकियां सीखने का मौका मिलेगा।