S&P BSE 500 में शामिल 45 कंपनियां ऐसी हैं, जिनके पास शेयरहोल्डर्स को बांटने के लिए 68,900 करोड़ रुपये का अतिरिक्त कैश रिजर्व है । इनवेस्टर एडवायजरी सर्विसेज इंडिया लिमिटेड (IiAS) की एक स्टडी से यह जानकारी मिली है। इस स्टडी में FY 2021-22 के फाइनेंशियल स्टेटमेंट पर विचार किया गया है। साथ ही कंपनियों के अधिग्रहण और कैपिटल एक्सपेंडिचर को भी ध्यान में रखा गया है। IiAS ने अपनी रिपोर्ट में कहा है कि इन कंपनियों ने FY22 में डिविडेंड्स और शेयर बायबैक के जरिए अपने शेयरहोल्डर्स को काफी पैसे लौटाए हैं। इसके बावजूद उनका कैश बैलेंस बढ़ा है।
45 कंपनियां शेयरहोल्डर्स को दे सकती हैं डिविडेंड
इस रिपोर्ट में कहा गया है कि FY22 के फाइनेंशियल्स, अधिग्रहण के ऐलान को एडजस्ट करने और FY23 में पूंजीगत खर्च के आधार पर BSE 500 की 45 कंपनियां अपने शेयरहोल्डर्स को 689 अरब रुपये से ज्यादा लौटा सकती हैं। यह FY23 के अंत में उनकी बैलेंसशीट का करीब 41 फीसदी है। IiAS करीब 1000 कंपनियों को शेयरहोल्डर्स की मीटिंग्स के लिए ESG और वोटिंग रिकोमेंडेशंस के मसले पर इंडिपेंडेंट ओपिनियन, कॉर्पोरेट गवर्नेंस पर रिसर्च एंड डेटा उपलब्ध कराती है।
कुल कैश बैलेंस में पांच कंपनियों की 56 फीसदी हिस्सेदारी
करीब 68,000 करोड़ रुपये के अतिरिक्त कैश में से पांच कंपनियों की 56 फीसदी हिस्सेदारी है। इनमें TCS, Siemens, ITC, Hero MotoCorp और Sun TV शामिल हैं। इन कंपनियों के पास कुल 37,800 करोड़ रुपये का कैश बैलेंस है। यह 31 मार्च, 2022 को उनके कुल कैश का करीब 47 फीसदी है। TCS के पास प्रति शेयर 66 रुपये अतिरिक्त कैश है। हीरो मोटकॉर्प का प्रदर्शन पिछले कुछ सालों में औसत रहा है। इसके बावजूद कंपनी के पास 3,840 करोड़ रुपये का अतिरिक्त कैश है। यह प्रति शेयर 192.2 रुपये आता है।
कई कंपनियों की बढ़ जाएगी डिविडेंड यील्ड
स्टडी में जिन 45 कंपनियों के कैश की बात की गई है, उनमें से चार ऐसी कंपनियां हैं, जिनका 10 फीसदी से ज्यादा इंक्रिमेंट्ल डिविडेंड यील्ड हो सकती है। इनमें दो सरकारी कंपनियां हैं। अगर Ircon International के अतिरिक्त कैश को डिस्ट्रिब्यूट कर दिया जाए तो यह करीब 46 फीसदी की इंक्रिमेंटल डिविडेंड यील्ड होगी। इसी तरह अगर RITES के अतिरिक्ट कैश को डिस्ट्रिब्यूट किया जाए तो यह एडिशनल करीब 14 फीसदी डिविडेंड यील्ड होगी।
छोटी कंपनियों के पास भी बड़ा कैश रिजर्व
सन टीवी के पास 2,940 रुपये का अतिरिक्त कैश है। यह करीब 16 फीसदी डिविडेंड यील्ड के बराबर होगा। VSTIND के पास 520 करोड़ रुपये अतिरिक्त कैश है, जो करीब 11 फीसदी डिविडेंड यील्ड के बराबर है। पांच ऐसी कंपनियां हैं, जिनका अतिरिक्त कैश इंक्रिमेंटल डिविडेंड के मामले में प्रति शेयर 500 रुपये से ज्यादा आएगा। इनमें Bosch, Honeywell Automation, Abott, 3M India और Lakshmi Machine Works शामिल हैं।