Budget 2023: केंद्रीय वित्त मंत्री निर्मला सीतारमण (Nirmala Sitharaman) ने बुधवार 1 फरवरी अपने बजट भाषण में महिलाओं के लिए एक खास बचत योजना का ऐलान किया। इस बचत योजना का नाम 'महिला सम्मान बचत पत्र (Mahila Samman Bachat Patra)' दिया गया है। यह एक एकमुश्त रकम जमा करने वाली सेविंग स्कीम है, जिसकी अवधि 2 साल की होगी। निर्मला सीतारमण ने कहा, "सरकार महिला सम्मान बचत पत्र जारी करेगी जिनकी मियाद दो साल के लिए होगी। इनके तहत किसी महिला या बालिका के नाम से दो साल के लिए, दो लाख रुपये तक जमा करवाए जा सकेंगे।" वित्त मंत्री ने बताया कि इस योजना के तहत निवेश करने वालों को सरकार सालाना 7.75% सालाना ब्याज देगी। इस योजना के तहत साल 2025 तक निवेश किया जा सकेगा। वित्त मंत्री ने बताया कि इस नई छोटी बजट योजना का 'आजादी के अमृत महोत्सव' को ध्यान में रखते हुए लॉन्च किया गया है।
इसके अलावा वित्त मंत्री ने वरिष्ठ नागरिक बचत योजना के तहत 15 लाख रुपये तक की सीमा को बढ़ा कर 30 लाख रुपये करने का ऐलान किया था। साथ ही मासिक आय खाता स्कीम के तहत भी मौजूदा 4.5 लाख रुपये की सीमा को बढ़ा कर 9 लाख रुपये किया जा रहा है।
इनकम टैक्स को लेकर मिली बड़ी राहत
बजट के अन्य मुख्य ऐलानों की बात करें, वित्त मंत्री ने मध्यम वर्ग को बड़ी राहत देते हुए इनकम टैक्स की छूट सीमा को बढ़ाकर 7 लाख तक रुपये कर दिया है। हालांकि यह सुविधा सिर्फ नया टैक्स सिस्टम चुनने वाले टैक्सपेयर्स को ही मिलेगी। पुराने टैक्स रिजीम के तहत अभी भी टैक्स छूट की सीमा 5 लाख रुपये पर बनी हुई है।
टैक्स स्लैब में भी किए बदलाव
सरकार ने नए टैक्स रिजीम के तहत इनकम टैक्स के स्लैब में भी बदलाव किए हैं। व्यक्तिगत आयकर की नई टैक्स दर अब 0-3 लाख रुपये की सालाना इनकम तक शून्य, 3 से 6 लाख रुपये तक 5%, 6 से 9 लाख रुपये 10%, 9 से 12 लाख रुपये 15%, 12 से 15 लाख रुपये तक 20% और 15 लाख से ऊपर 30% रहेगी।