Budget 2024-25 Date: संसदीय कार्य मंत्री किरण रिजिजू ने शनिवार 6 जुलाई को बताया कि संसद का बजट सत्र आगामी 22 जुलाई से 12 अगस्त के बीच आयोजित किया जाएगा। केंद्रीय वित्त मंत्री निर्मला सीतारमण 23 जुलाई को बजट पेश करेंगी। किरण रिजिजू ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स (पूर्व में ट्विटर) पर बताया, "भारत सरकार की सिफारिश पर भारत के माननीय राष्ट्रपति ने बजट सत्र, 2024 के लिए संसद के दोनों सदनों को 22 जुलाई, 2024 से 12 अगस्त, 2024 तक (संसदीय कार्य की अनिवार्यताओं के अधीन) बुलाने के प्रस्ताव को मंजूरी दे दी है।। केंद्रीय बजट 2024-25 को आगामी 23 जुलाई 2024 को लोकसभा में पेश किया जाएगा।"
यह मोदी सरकार के तीसरे कार्यकाल का पहला बजट होगा। इससे पहले राष्ट्रपति द्रौपदी मूर्मू ने संसद के दोनों सत्रों को संबोधित करते हुए कहा था कि आगामी बजट 2024-25 में कई ऐतिहासिक कदम उठाए जाएंगे। उनके इस बयान के बाद लोगों की बजट से उम्मीदें काफी बढ़ गई हैं।
संसद की संयुक्त बैठक को संबोधित करते हुए राष्ट्रपति ने कहा था कि बजट में कई बड़े समाजिक और आर्थिक फैसले लिए जाएंगे। उन्होंने कहा था, "बजट में प्रमुख आर्थिक और सामाजिक फैसले लिए जाएंगे और कई ऐतिहासिक कदम उठाए जाएंगे। देश के लोगों की आकांक्षाओं को पूरा करने के लिए सुधारों की गति को बढ़ाया जाएगा।"
मोरारजी देसाई को पीछे छोड़ देंगी निर्मला सीतारमण
वित्त मंत्री निर्मला सीतारमण 23 जुलाई को लोकसभा में आम बजट 2024-25 पेश करेंगी। इसके साथ ही, वह लगातार सात बार केंद्रीय बजट पेश करने वाली देश की पहली वित्त मंत्री बन जाएंगी। वह मोरारजी देसाई का रिकॉर्ड तोड़ेंगी, जिन्होंने लगातार छह बार आम बजट पेश किया था।
किरण रिजिजू के ट्वीट को आप नीचे देख सकते हैं-