Budget 2024 Expectations: चुनावों के चलते इस साल फरवरी में पूरे वित्त वर्ष का बजट पेश नहीं हुआ था। सरकार के गठन के बाद पूरे वित्त वर्ष 2024-25 के लिए बजट अगले महीने पेश करने की तैयारी जोरों से चल रही है। इस बार बजट 23-24 जुलाई के आस-पास पेश होने की उम्मीद है। एक बार फिर सैलरी एंप्लॉयीज केंद्रीय वित्त मंत्री निर्मला सीतारमण से पुरानी मांगों के पूरी होने की बाट जोह रहे हैं। लंबे समय से उनकी मांग पुरानी पेंशन योजना को फिर से लागू करने और टैक्स स्ट्रक्चर में बदलाव की है। न्यूज एजेंसी रॉयटर्स की रिपोर्ट के मुताबिक खपत बढ़ाने के लिए सरकार सालाना 15 लाख रुपये से अधिक आय वालों को थोड़ी टैक्स राहत दे सकती है तो 10 लाख तक की सालाना आय वालों पर भी टैक्स का बोझ हल्का हो सकता है।
