Modi 3.0 First Budget: मोदी सरकार के तीसरे कार्यकाल का पहला बजट अगले महीने जुलाई की 22 तारीख को पेश हो सकता है। चूंकि यह चुनावी वर्ष था तो फरवरी में अंतरिम बजट पेश हुआ था और अब पूरे साल का बजट 22 जुलाई को आ सकता है। एक मीडिया रिपोर्ट में सूत्रों के हवाले से यह दावा किया गया है। कुछ दिन पहले 12 जून को नए संसदीय कार्य मंत्री किरण रिजिजू ने कहा था कि 18वीं लोकसभा चुनाव का पहला सत्र 24 जून से शुरू होगा और यह 3 जुलाई को समाप्त होगा। न्यूज एजेंसी पीटीआई के मुताबिक दोनों सदनों की अगली बैठक जुलाई के तीसरे सप्ताह में बुलाई जा सकती है जिसमें केंद्रीय बजट पेश किया जाएगा।
Budget 2024: रिकॉर्ड सातवीं बार वित्त मंत्री पेश करेंगी बजट
मोदी सरकार के तीसरे कार्यकाल का पहला बजट पेश करते ही वित्त मंत्री निर्मला सीतारमण एक रिकॉर्ड बना देंगी। निर्मला सीतारमण लगातार सात केंद्रीय बजट पेश करने वाली देश की पहली वित्त मंत्री बन जाएंगी। इससे पहले उन्होंने मोरारजी देसाई के रिकॉर्ड की बराबरी की थी जिन्होंने लगातार छह बजट पेश किए थे।
संसदीय कार्य मंत्री किरेन रीजीजू ने बुधवार को कहा कि 18वीं लोकसभा का पहला सत्र 24 जून से शुरू होगा। पहले तीन दिन चुनाव में जीते संसद सदस्य शपथ ग्रहण करेंगे और निचले सदन यानी लोकसभा के नए अध्यक्ष का चुनाव किया जाएगा। राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू 27 जून को लोकसभा और राज्यसभा की संयुक्त बैठक को संबोधित करेंगी जिसमें नई सरकार की अगले पांच साल की रूपरेखा पेश की जा सकती है। यह सत्र 3 जुलाई तक चलेगा। संसद के दोनों सदनों की अगली बैठक जुलाई के तीसरे सप्ताह में बुलाई जा सकती है जिसमें केंद्रीय बजट पेश किया जाएगा। संसद के ऊपरी सदन राज्यसभा की बात करें तो रिजिजू ने कहा कि इसका 264वां सत्र 27 जून को शुरू होगा और तीन जुलाई तक चलेगा।