बजट 2023-24: मध्यम वर्ग को वित्त मंत्री निर्मल सीतारमण (Nirmala Sitharaman) के अगले बजट (Budget 2023) में बड़ा तोहफा मिल सकता है। वित्त मंत्री प्रधानमंत्री जन आरोग्य योजना (PMJAY) का दायरा बढ़ाने का ऐलान कर सकती है। मध्यम वर्ग को भी इस योजना के तहत लाया जा सकता है। अभी आर्थिक रूप से कमजोर वर्ग के लोगों को इस योजना का लाभ मिल रहा है। सीतारमण 1 फरवरी, 2023 को यूनियन बजट पेश करेंगी। प्रधानमंत्री जन आरोग्य योजना के तहत एक परिवार को प्रति वर्ष 5 लाख रुपये तक निःशुल्क स्वास्थ्य-बीमा की सुविधा मिलती है। यह योजना साल 2018 में शुरू हुई थी। अब तक निर्धन वर्ग के 4,16,00,000 लोग इस योजना का लाभ उठा चुके हैं। मध्यम वर्ग को इसमें शामिल करने से सरकार का खर्च बढ़ेगा। इसलिए वित्तमंत्री को बजट में इसके लिए आवंटन बढ़ाना होगा।
