Rail Budget 2024 : अंतरिम बजट 2024 (Interim Budget 2024) पेश होने में एक महीना से कम समय बचा है। बजट को लेकर कई तरह की चर्चा है। यह कहा जा रहा है कि अप्रैल-मई में लोकसभा चुनावों से पहले आने वाला यह बजट लोकलुभावन हो सकता है। इस बीच इकोनॉमी के अलग-अलग सेक्टर की इस बजट से काफी उम्मीदें हैं। मीडिया रिपोर्ट्स में कहा गया है कि रेलवे के लिए इस बजट में बड़ा आवंटन किया जा सकता है। इसकी वजह यह है कि सरकार रेलवे को आधुनिक बनाना चाहती है। पिछले कई सालों से सरकार का फोकस रेल इंफ्रास्ट्रक्चर खासकर रेल लाइनों को उन्नत बनाने पर रहा है। अब सरकार यात्री सुविधाओं को बेहतर बनाने पर फोकस बढ़ाना चाहती है। सरकार बेहतर सुविधाओं वाली ट्रेनें चलाना चाहती है। स्टेशनों का आधुनिकीकरण किया जा रहा है।
