लोकसभा अध्यक्ष ओम बिड़ला (Om Birla) ने शुक्रवार को कहा कि संसद (Parliament) का बजट सत्र (Budget Session) जल्द शुरू होगा। उन्होंने कहा कि बजट सत्र सामान्य होगा और कार्य उसी तरह से किया जाएगा जैसे किया जाता है। यह सत्र अपने पूरे समय चलेगा।

लोकसभा स्पीकर ओम बिड़ला ने कहा कि संसद का सत्र शुरू होने से पहले केंद्र सरकार सांसदों के टीकाकरण के बारे में दिशा-निर्देश जारी करेगी। ओम बिड़ला ने मीडिया से बात करते हुए कहा कि बजट सत्र जल्द शुरू किया जाएगा। उन्होंने कहा कि कोरोना वायरस और संक्रमण एक गंभीर चुनौती थी लेकिन अब बजट सत्र पहले की तरह से ही शुरू होगा। सत्र उतना लंबा ही होगा जितना लंबा होता है और सभी प्रकार के विषयों पर सत्र के दौरान चर्चा की जाएगी।

माना जा रहा है कि 1 फरवरी को केंद्र सरकार बजट पेश कर सकती है। इसी बीच संसदीय मामलों की मंत्रिमंडलीय समिति ने 29 जनवरी को संसद सत्र बुलाने की सिफारिश की है। न्यूज एजेंसी PTI के अनुसार राष्ट्रपति रामनाथ कोविंद 29 जनवरी को सदन के दोनों सत्रों को संबोधित कर सकते हैं तो वहीं केंद्रीय बजट 1 फरवरी को पेश किया जा सकता है। सत्र के प्रारंभ पर आखिरी फैसला केंद्रीय मंत्रिमंडल द्वारा ही लिया जाएगा। 

दिल्ली में बढ़ते कोरोना के मामलों की वजह से संसद का शीतकालीन सत्र को भी रद्द करना पड़ा था। इस पर काफी राजनीति भी हुई थी। सवाल उठाया गया था कि सरकार सवालों से बचने के लिए संसद के सत्र को रद्द कर रही है।

इससे पहले के सत्र में भी कई संसद कोरोना की चपेट में आ गए थे। उस सत्र को भी समय से पहले खत्म करना पड़ा था। उस दौरान कई राजनेताओं और संसदों को कोरोना संक्रमण हो गया था।

सोशल मीडिया अपडेट्स के लिए हमें Facebook (https://www.facebook.com/moneycontrolhindi/) और Twitter (https://twitter.com/MoneycontrolH) पर फॉलो करें।