Union Budget 2023: इस साल बॉन्ड की कीमतों में मजबूती दिख सकती है। इसकी वजह यह है कि लिक्विडिटी में कमी आ रही है। हालांकि, 10 साल के बेंचमार्क बॉन्ड सहित लंबी अवधि के बॉन्ड की यील्ड में स्थिरता दिख सकती है। 10 साल के सरकारी बॉन्ड का भविष्य यूनियन बजट 2023 पर निर्भर करेगा। एक्सिस बैंक के ग्रुप एग्जिक्यूटिव (ट्रेजरी एंड मार्केट्स) नीरज गंभीर का कहना है कि अगर सरकार यूनियन बजट 2023 (Budget 2023) में अपने उधारी कार्यक्रम में किसी तरह का बदलाव नहीं करती है तो यह बॉन्ड बाजार के लिए अच्छी खबर होगी। अगर सरकार फिस्कल कंसॉलिडेशन पर अपना फोकस बनाए रखती है और बाजार से कर्ज लेने का उसका टारगेट इस साल जितना ही बना रहता है तो फिर सब ठीक है। मनीकंट्रोल से बातचीत में गंभीर ने बॉन्ड मार्केट के परिदृश्य को लेकर विस्तार से चर्चा की।
