Budget 2024 : यह कहना गलत नहीं होगा कि 2023-24 में इंडियन इकोनॉमी का बेहतर प्रदर्शन चौंकाने वाला रहा है। वित्त वर्ष 2022-23 में इंडियन इकोनॉमी की ग्रोथ 7.2 फीसदी थी। दुनिया में सबसे तेजी से बढ़ने वाली इकोनॉमी की ग्रोथ इस वित्त वर्ष में सुस्त पड़ने की आशंका थी। इस वित्त वर्ष की शुरुआत में सरकार और RBI का 6.5 फीसदी का ग्रोथ का अनुमान भी ज्यादा लग रहा था। लेकिन, इकोनॉमी के बेहतर प्रदर्शन को देखते हुए RBI को दिसंबर में ग्रोथ के अपने अनुमान को बढ़ाना पड़ा है। उसने इस वित्त वर्ष में ग्रोथ के अपने अनुमान को बढ़ाकर 7 फीसदी कर दिया है। इसके करीब एक महीने बाद स्टैटिस्टिक्स मिनिस्ट्री ने अपने पहले अग्रिम अनुमान में जीडीपी की ग्रोथ 7.3 फीसदी रहने का अनुमान जताया है।