फाइनेंस मिनिस्टर निर्मला सीतारमण (Nirmala Sitharaman) 1 फरवरी, 2024 को अंतरिम बजट (Interim Budget) पेश कर सकती है। अभी सरकार ने इसका औपचारिक ऐलान नहीं किया है। लेकिन, आम तौर पर जिस साल लोकसभा चुनाव होते हैं, उस साल मौजूदा सरकार 1 फरवरी को अंतरिम बजट पेश करती है। चुनावों के नतीजों के बाद जो नई सरकार बनती है, वह बाद में पूर्ण बजट पेश करती है। इससे पहले 2019 में लोकसभा चुनाव हुए थे। उस साल केंद्रीय मंत्री पीयूष गोयल ने 1 फरवरी को अंतरिम बजट पेश किया था। इसकी वजह यह थी कि तब वित्त मंत्री अरुण जेटली इलाज के लिए विदेश गए थे। चुनावों के बाद नरेंद्र मोदी की अगुवाई में दोबारा भाजपा की सरकार बनने के बाद पूर्ण बजट 5 जुलाई को पेश हुआ था। इसे वित्त मंत्री निर्मला सीतारमण ने पेश किया था।
