Budget 2024 : स्टेट बैंक ऑफ इंडिया की रिसर्च टीम को सरकार का खर्च 7.3 फीसदी फीसदी बढ़ने की उम्मीद है। वित्तमंत्री निर्मला सीतारमण (Nirmala Sitharaman) 1 फरवरी को केंद्रीय बजट पेश करेंगी। यह अंतरिम बजट (Interim Budget) होगा, क्योंकि अप्रैल-मई में लोकसभा चुनाव होने वाले हैं। एसबीआई की रिसर्च टीम के अनुमान के हिसाब से केंद्र सरकार का बजट 48.9 लाख करोड़ रुपये का हो सकता है। इस वित्त वर्ष के लिए केंद्र सरकार का बजट 45-46 लाख करोड़ रुपये का था। इस अनुमान में यह भी कहा गया है कि सरकार अपने सब्सिडी खर्च को 3.8 लाख करोड़ रुपये रखेगी। यह इस वित्त वर्ष के 3.92 लाख करोड़ रुपये के सब्सिडी खर्च से थोड़ा सा कम है। एसबीआई की इस रिपोर्ट को ग्रुप के चीफ इकोनॉमिस्ट सौम्य कांति घोष की लीडरशिप में तैयार किया गया है। इसमें सरकार के पूंजीगत खर्च में भी एक साल पहले के मुकाबले कम वृद्धि का अनुमान जताया गया है।
