Cisco Layoffs: नेटवर्किंग इक्विपमेंट बनाने वाली कंपनी में जाएंगी 4000 जॉब्स, AI पर फोकस बनेगा वजह

Cisco Layoffs: रीस्ट्रक्चरिंग प्लान पर सिस्को को 1 अरब डॉलर तक का खर्च आने का अनुमान है। कंपनी सिलिकॉन, ऑप्टिक्स, सिक्योरिटी और पूरे संगठन में कर्मचारियों द्वारा AI के इस्तेमाल जैसे क्षेत्रों में रणनीतिक निवेश कर रही है

अपडेटेड May 14, 2026 पर 8:37 AM
Story continues below Advertisement
26 जुलाई 2025 तक Cisco के पास लगभग 86,200 कर्मचारी थे।

नेटवर्किंग इक्विपमेंट बनाने वाली अमेरिकी कंपनी सिस्को (Cisco) लगभग 4,000 नौकरियों को कम करने जा रही है। यह कंपनी के कुल कर्मचारियों की संख्या के 5 प्रतिशत से भी कम है। यह कदम एक रीस्ट्रक्चरिंग प्रोग्राम का हिस्सा है। इस प्रोग्राम का मकसद निवेश को आर्टिफीशियल इंटेलिजेंस (AI) और उससे जुड़े ग्रोथ वाले क्षेत्रों की ओर मोड़ना है। रॉयटर्स के मुताबिक, Cisco की वेबसाइट पर एक पोस्ट में CEO चक रॉबिन्स ने कहा, "AI के दौर में वही कंपनियां जीतेंगी, जिनका फोकस, अर्जेंसी और अनुशासन उन क्षेत्रों में लगातार निवेश करने पर होगा, जहां मांग और लंबे समय तक वैल्यू क्रिएट करने की संभावना सबसे ज्यादा है।"

सिस्को 1 अगस्त से शुरू होकर 31 जुलाई को खत्म होने वाली अवधि को वित्त वर्ष के तौर पर फॉलो करती है। अभी यह वित्त वर्ष 2026 में है, जो कि 31 जुलाई 2026 को खत्म होगा। यह चौथी तिमाही यानि​ कि 26 अप्रैल–25 जुलाई, 2026 के दौरान कर्मचारियों की संख्या में लगभग 4,000 की कटौती करेगी। 26 जुलाई 2025 तक सिस्को के पास लगभग 86,200 कर्मचारी थे।

रीस्ट्रक्चरिंग प्लान पर Cisco को 1 अरब डॉलर तक का खर्च आने का अनुमान है। इसमें से लगभग 45 करोड़ डॉलर का खर्च चौथी तिमाही में और बाकी का खर्च वित्त वर्ष 2027 में होगा। कंपनी ने बताया कि वह कुछ क्षेत्रों में पदों की संख्या कम करने के साथ-साथ सिलिकॉन, ऑप्टिक्स, सिक्योरिटी और पूरे संगठन में कर्मचारियों द्वारा AI के इस्तेमाल जैसे क्षेत्रों में रणनीतिक निवेश कर रही है।


Cisco ने रेवेन्यू का अनुमान बढ़ाया

हाइपरस्केलर ऑर्डर्स में तेजी आने के बाद कंपनी ने अपने सालाना रेवेन्यू के अनुमान को बढ़ा दिया है। LSEG द्वारा जुटाए गए आंकड़ों के अनुसार, 25 अप्रैल को समाप्त हुई तीसरी तिमाही में सिस्को ने 15.84 अरब डॉलर का रेवेन्यू दर्ज किया। अब उसे उम्मीद है कि वित्त वर्ष 2026 में उसका रेवेन्यू 62.8 अरब डॉलर से 63 अरब डॉलर के बीच रहेगा। पहले अनुमान 61.2 अरब डॉलर से 61.7 अरब डॉलर तक रेवेन्यू का था। Cisco को इस वित्त वर्ष में अब तक हाइपरस्केलर्स से AI इंफ्रास्ट्रक्चर के लिए 5.3 अरब डॉलर के ऑर्डर मिल चुके हैं। इसके चलते कंपनी ने पूरे साल के लिए अपने ऑर्डर के अनुमान को पहले के 5 अरब डॉलर से बढ़ाकर 9 अरब डॉलर कर दिया है।

पीएम मोदी की अपील पर अमल हुआ, तो $45 अरब बचा सकता है भारत; समझिए कैसे

सिस्को को इस बात का फायदा मिल रहा है कि कंपनियां अब AI प्रोसेसर से आगे बढ़कर बड़े डेटा-सेंटर सिस्टम को आपस में जोड़ने के लिए जरूरी हाई-स्पीड नेटवर्कों पर भी अपना खर्च बढ़ा रही हैं। इस साल कंपनी के शेयरों में 32 प्रतिशत की बढ़ोतरी हुई है। Cisco के फाइनेंस चीफ मार्क पैटरसन का कहना है कि वित्त वर्ष 2027 में AI हाइपरस्केल क्षेत्र से कम से कम 6 अरब डॉलर का रेवेन्यू मिलने की उम्मीद करना तर्कसंगत है।

हिंदी में शेयर बाजार स्टॉक मार्केट न्यूज़,  बिजनेस न्यूज़,  पर्सनल फाइनेंस और अन्य देश से जुड़ी खबरें सबसे पहले मनीकंट्रोल हिंदी पर पढ़ें. डेली मार्केट अपडेट के लिए Moneycontrol App  डाउनलोड करें।