फिनकेयर स्मॉल फाइनेंस बैंक (Fincare SFB) का एयू स्मॉल फाइनेंस बैंक (AU SFB) में विलय होने जा रहा है। यह 1 फरवरी, 2024 से प्रभावी होगा। एयू एसएफबी ने देर शाम शेयर बाजारों को दी गई सूचना में इस विलय को मंजूरी देने की घोषणा की। विलय की शर्तों के अनुसार, फिनकेयर एसएफबी के शेयरधारकों को फिनकेयर एसएफबी के प्रत्येक 2,000 शेयरों के लिए एयू एसएफबी में 579 शेयर प्राप्त होंगे। इस लेनदेन के बाद, यह अनुमान लगाया गया है कि फिनकेयर एसएफबी के मौजूदा शेयरधारक एयू एसएफबी में लगभग 9.9 प्रतिशत हिस्सेदारी बनाए रखेंगे।
यह लेनदेन कई महत्वपूर्ण शर्तों पर निर्भर है, जिनमें फिनकेयर एसएफबी और एयू एसएफबी दोनों के शेयरधारकों से मंजूरी, भारतीय रिजर्व बैंक (RBI) और भारतीय प्रतिस्पर्धा आयोग (CCI) से रेगुलेटरी सपोर्ट और फिनकेयर एसएफबी के प्रमोटरों द्वारा 700 करोड़ रुपये का पूंजी निवेश शामिल है।
एयू एसएफबी ने कहा है कि फिनकेयर एसएफबी के सभी कर्मचारियों को विलय के बाद एयू एसएफबी में ले लिया जाएगा। फिनकेयर एसएफबी के मैनेजिंग डायरेक्टर और सीईओ विलय के बाद एयू एसएफबी के डेप्युटी सीईओ बनेंगे। इसके अलावा फिनकेयर एसएफबी के बोर्ड की वर्तमान डायरेक्टर दिव्या सहगल, एयू एसएफबी के बोर्ड में शामिल होने होंगी।
फिनकेयर एसएफबी के कितने ग्राहक
फिनकेयर एसएफबी, एक डिजिटल-फर्स्ट स्मॉल फाइनेंस बैंक है। इसके 54 लाख ग्राहक हैं। इसके लगभग 93.6 प्रतिशत माइक्रोफाइनेंस लोन ग्रामीण क्षेत्रों में दिए जाते हैं। बैंक की कुल जमा राशि 9,453 करोड़ रुपये है, जिसमें 79 प्रतिशत रिटेल डिपॉजिट है। ग्रॉस एडवांस अमाउंट 10,541 करोड़ रुपये है। बैंक का नेटवर्क 1,292 बैंकिंग आउटलेट के जरिए 23 राज्यों और केंद्र शासित प्रदेशों में फैला हुआ है। बैंक की दक्षिण भारत में मजबूत उपस्थिति है, जहां इसके 14,867 एंप्लॉयीज हैं। विलय के बाद बनने वाली संयुक्त एंटिटी के दायरे में 2,334 टचपॉइंट्स, करीब 98 लाख ग्राहक होंगे और 43,000 कर्मचारी होंगे।