Free Fire: क्या सिंगापुर और भारत के रिश्तों में एक वीडियो गेम ऐप की वजह से दरार आ सकती है? Free Fire गेमिंग ऐप के बारे में तो कम से कम ऐसा ही लग रहा है। ऐसा नहीं है कि भारत ने पहली बार किसी ऐप पर बैन लगाया है। इससे पहले 2020 में भी सरकार ने कई चाइनीज ऐप पर पाबंदी लगाई थी। इसमें बेहद लोकप्रिय गेमिंग ऐप PUBG भी शामिल था। लेकिन सिंगापुर की नाराजगी PUBG बैन होने पर नहीं बल्कि Free Fire गेमिंग ऐप बंद करने से है। PUBG की तरह Free Fire भी बैटलग्राउंड सरवाइवल गेम है। इस गेम को सिंगापुर की कंपनी Sea ltd ने डिवेलप किया है और इसकी मार्केटिंग भी वही करती है।
भारत में जबरदस्त लोकप्रियता
2020 में इंडिया में फ्री फायर (Free Fire) की पॉपुलरिटी खूब बढ़ी। इसकी वजह थी PUBG पर बैन लगना। मार्केट में PUBG का मुकाबला Free Fire से ही था। PUBG पर बैन लग जाने से इंडिया में लोग एक दूसरे गेमिंग एप की तलाश में थे। इसका फायदा Free Fire को मिला। बहुत कम समय में Free Fire की लोकप्रियता इंडिया में काफी बढ़ गई। दुनियाभर में इसके एक्टिव यूजर्स में इंडियंस की हिस्सेदारी 10 % पहुंच गई। इस गेम में बॉलीवुड एक्टर ऋतिक रोशन की एंट्री हुई। इससे इंडिया में इस गेम की लोकप्रियता का अंदाजा आप लगा सकते हैं।
सरकार ने कब लगाया Free Fire पर बैन
इस साल फरवरी में इंडिया में अचानक Free Fire की बढ़ती रफ्तार पर ब्रेक लग गया। सरकार ने इस गेम पर बैन लगा दिया। इस बैन ने इंडिया में इसके गेम के यूजर्स का दिल तोड़ दिया। साथ ही इससे Sea Ltd और सिंगापुर की सरकार को झटका लगा। इस गेम के यूजर्स को लगे झटका का तो आसानी से अंदाजा लगाया जा सकता है। यह एक शानदार गेम है। इसे खेलने पर आप थोड़ा पैसा भी बना सकते हैं। उदाहरण के लिए इंडिया में होने वाले एक टूर्नामेंट के लिए 1 करोड़ रुपये का प्राइज पूल रखा गया था। पुराने यूजर्स तो इस गेम को अब भी खेल सकते हैं। लेकिन नए यूजर्स को इसका एक्सेस नहीं मिलेगा।
कंपनी के शेयरों पर बुरा असर
Sea Ltd के शेयरों में बड़ी गिरावट आई है। इस पर बैन लगने के बाद सिर्फ एक दिन में इसके निवेशकों के 16 अरब डॉलर डूब गए। ध्यान देने वाली बात है कि इस कंपनी के गेमिंग रेवेन्यू में इंडिया की हिस्सेदारी सिर्फ 2.6 फीसदी है। इंडिया में बैन लगने से इनवेस्टर्स के सेंटिमेंट पर काफी असर पड़ा। लेकिन, दूसरी वजहें भी है, जिससे इसके शेयर में बड़ी गिरावट आई।
Sea Ltd सिंगापुर की सबसे बड़ी टेक्नोलॉजी कंपनी है। यह कंपनी सिर्फ गेम नहीं बनाती है बल्कि यह दूसरे भी अहम बिजनेसेज में है। सोशल कॉमर्स कंपनी Shopee और फाइनेंशिय सर्विस डिविजन SeaMoney पर भी इसका नियंत्रण है। इसके सीईओ फोरेस्ट ली सिंगापुर इकोनॉमिक डेवलपमेंट बोर्ड के सदस्य हैं।
इंडिया ने क्यों लगाई पाबंदी?
भारत में सरकार ने सिर्फ Sea Ltd पर बैन नहीं लगाया। सरकार ने ऐसे 54 ऐप भी बैन लगाए, जिनका संबंध चीन से है। तो क्या Free Fire का कनेक्शन चीन से है? इस सवाल का जवाब हां है। फोरेस्ट ली का जन्म चीन में हुआ था। हालांकि, वह सिंगापुर के नागरिक हैं। लेकिन, मुश्किल इस बात से है कि चीन की सोशल मीडिया कंपनी टेनसेंट होल्डिंग्स Sea Ltd की सबसे बड़ी शेयरहोल्डर है।