Get App

Windfall Tax: सरकार ने डीजल और ATF के एक्सपोर्ट पर बढ़ाया विंडफाल टैक्स, क्रूड ऑयल पर घटाया सेस

सरकार ने क्रूड ऑयल पर सेस घटाकर अब 13,000 रुपये प्रति टन कर दिया है, जो पहले 17,750 रुपये प्रति टन था

MoneyControl Newsअपडेटेड Aug 19, 2022 पर 8:29 AM
Windfall Tax: सरकार ने डीजल और ATF के एक्सपोर्ट पर बढ़ाया विंडफाल टैक्स, क्रूड ऑयल पर घटाया सेस
सरकार हर पखवाड़े विंडफाल टैक्स की समीक्षा करती है

भारत सरकार ने गुरुवार 18 अगस्त को ऑयल कंपनियों पर लगाए विंडफाल टैक्स (Windfall Tax) की तीसरी समीक्षा की। इस दौरान सरकार ने जहां देश में ही उत्पादित होने वाले क्रूड ऑयल (Crude Oil) पर सेस घटाने का फैसला किया। वहीं डीजल (Diesel) के एक्सपोर्ट पर टैक्स 5 रुपये से बढ़ाकर 7 रुपये प्रतिलीटर और हवाई जहाज में इस्तेमाल होने वाले एविशन टर्बाइन फ्यूल (ATF) के एक्सपोर्ट पर टैक्स शून्य से बढ़ातर 2 रुपये प्रति लीटर करने का फैसला किया।

सरकार ने क्रूड ऑयल पर सेस घटाकर अब 13,000 रुपये प्रति टन कर दिया है, जो पहले 17,750 रुपये प्रति टन था। बता दें कि केंद्र सरकार हर पखवाड़े विंडफाल टैक्स की समीक्षा करती है। इससे पहले पिछले महीने हुए एक समीक्षा बैठक में सरकार ने ATF के एक्सपोर्ट पर विंडफाल टैक्स हटाकर शून्य कर दिया था।

क्या होता है विंडफाल टैक्स

विंडफाल टैक्स का मतलब अप्रत्याशित लाभ पर लगाए जाने वाले टैक्स से है। यह टैक्स किसी कंपनी पर तब लगाया जाता है जब कंपनी को किसी अप्रत्याशित कारण से अचानक ही बहुत ज्यादा मुनाफा हो जाता है। उदाहरण के लिए यूक्रेन पर रूस के हमले के बाद से अचानक ही अंतरराष्ट्रीय मार्केट में क्रूड ऑयल और गैस की कीमतें काफी बढ़ गई थीं। इससे ऑयल कंपनियों को अप्रत्याशित रूप से भारी मुनाफा बनाने में मदद मिली थी, जिसके बाद भारत सरकार ने इस मुनाफे पर विंडफॉल टैक्स लगाने का फैसला किया था।

सब समाचार

+ और भी पढ़ें