ऑनलाइन ब्यूटी प्लेटफॉर्म नायका (Nykaa) को CNCB-TV18 की तरफ से दिए जाने वाले इंडिया बिजनेस लीडर अवॉर्ड्स (IBLA 2022) में 'द डिसरप्टर ऑफ द ईयर' का अवॉर्ड मिला है। नायका को यह अवॉर्ड पुराने मिथकों और धारणाओं को तोड़ने और इनोवेशंस के जरिए देश के तेजी से बढ़ते स्टार्टअप इंडस्ट्री में सफलापूर्वक अपनी अलग मुकाम बनाने के लिए दिया गया है।
नायका को 2012 में पूर्व बैंकर फाल्गुनी नायर (Falguni Nayar) ने शुरू किया था। इसकी शुरुआत विशुद्ध रूप से केवल ब्यूटी प्रोडक्ट बेचने वाली ई-कॉमर्स प्लेटफॉर्म के रूप में हुई थी। नायका ने इस सेगमेंट में अपनी अलग जगह बनाते हुए ब्यूटी और पर्सनल केयर के नए मानक तय किए।
पिछले साल अक्टूबर में नायका का इनीशियल पब्लिक ऑफर (IPO) आया था, जो काफी सफल रहा था। नायका ब्रांड आज भारतीय परिवारों में एक जाना पहचाना नाम है। IPO की धमाकेदार लिस्टिंग के बाद कंपनी की फाउंडर फाल्गुनी नायर देश की सबसे अमीर सेल्फ-मेड महिला बन गई हैं।
फाल्गुनी नायर ने 18 सालों तक इनवेस्टमेंट बैंकर के रूप में काम करने के बाद 2012 में Nykaa को शुरू किया और उस समय उनकी उम्र 50 साल से कुछ ही महीने कम थी। Nykaa का उद्देश्य देश में महिलाओं और पुरुषों को ऑनलाइन सौंदर्य उत्पाद उपलब्ध कराना था। उस समय अधिकतर भारतीय सौंदर्य उत्पादों को खरीदने के लिए पड़ोस की छोटी दुकानों पर निर्भर थे। नायका ने भारतीय ब्रांड्स के अलावा कई अंतरराष्ट्रीय ब्रांड्स को भी अपने प्लेटफॉर्म पर लाया और अपने कैटेगरी में लगातार बढ़ोतरी की। साथ ही इसने अपना खुद का ब्रांड्स भी लॉन्च किया। Nykaa आज भारत की सबसे बड़ी ब्यूटी और पर्सनल केयर ऑनलाइन मार्केटप्लेस है।
नायर ने नवंबर में फोर्ब्स को दिए एक इंटरव्यू में कहा था, "एक इनवेस्टमेंट बैंकर के तौर पर, मैंने कंपनियों को बनते और बिगड़ते देखा है। केवल वही कंपनियां बाजार में टिकी रहती हैं, जो शेयरधारकों, ग्राहकों और ईकोसिस्टम के लिए लंबी अवधि में कोई स्थायी मूल्य बनाती हैं।"
दुनिया की 100 सबसे प्रभावशाली कंपनियों में शामिल
हाल ही में नायका (Nykaa) को टाइम मैग्जीन की तरफ से जारी दुनिया की 100 सबसे प्रभावशाली कंपनियों की लिस्ट में रखा गया। टाइम ने कहा, "करीब 1 करोड़ लोग इसके उत्पादों की खरीदारी करते हैं। नवंबर में इसने 13 बिलियन डॉलर के वैल्यूएशन पर IPO के जरिए 70 करोड़ डॉलर जुटाए थे और इसके साथ ही इसी सीईओ फाल्गुनी नायर भारत की सबसे अमीर सेल्फ-मेड बिजनेसवुमन बन गई थी।"