केंद्रीय वाणिज्य मंत्री पीयूष गोयल ने कहा है कि भारत ने किसी भी डेयरी उत्पाद, चीनी और मोटे अनाज पर अमेरिका को टैरिफ में कोई भी रियायत नहीं दी है। अमेरिका के साथ समझौता किसानों, एमएसएमई और हस्तशिल्प क्षेत्र के हितों को प्रभावित नहीं करेगा। गोयल, भारत और अमेरिका के बीच हुए अंतरिम व्यापार समझौते पर एक प्रेस कांफ्रेंस में बोल रहे थे। उन्होंने इस दौरान कई महत्वपूर्ण जानकारियां शेयर कीं।
भारत और अमेरिका ने अंतरिम व्यापार समझौते के लिए एक फ्रेमवर्क पेश किया है। दोनों देशों की ओर से एक जॉइंट स्टेटमेंट जारी हुआ है। यह एक पूर्ण द्विपक्षीय व्यापार समझौते (BTA) से पहले एक शुरुआती कदम है। मुख्य नतीजा यह है: अमेरिका भारतीय सामानों पर रेसिप्रोकल टैरिफ को घटाकर 18 प्रतिशत करेगा। अमेरिकी टैरिफ में बदलाव भारतीय मूल के सामानों पर तुरंत लागू होता है। इन सामानों में शामिल हैं: कपड़ा और परिधान यानि कि टेक्सटाइल और अपैरल, चमड़ा और जूते, प्लास्टिक और रबर, ऑर्गेनिक केमिकल्स, घर की सजावट का सामान, हस्तशिल्प उत्पाद, और चुनिंदा मशीनरी। वहीं भारत अमेरिकी निर्यात के लिए बड़े पैमाने पर टैरिफ में कमी करने और रेगुलेटरी मोर्चे पर आसानी के लिए प्रतिबद्ध है। अंतरिम व्यापार समझौता होने की घोषणा इस सप्ताह की शुरुआत में हुई थी।
प्रेस कांफ्रेंस में पीयूष गोयल ने कहा कि अब अमेरिका में भारत से जाने वाले कृषि सहित कई भारतीय सामानों पर रेसिप्रोकल टेरिफ की दर जीरो रहेगी। कुछ फलों, सब्जियों, मसाले, चाय और कॉफी और उनसे बने उत्पाद, नारियल और नारियल का तेल, वनस्पति मोम, सुपारी, ब्राजील नट, काजू और शाहबलूत आदि पर शून्य रेसिप्रोकल टैरिफ रहेगा। अमेरिका को एक्सपोर्ट होने वाले फार्मास्युटिकल प्रोडक्ट्स, स्मार्टफोन, रत्नों और हीरों पर भी जीरो ड्यूटी रहेगी। आगे चलकर 44 अरब डॉलर के भारतीय निर्यात पर जीरो ड्यूटी रहेगी।
एल्कोहल बेवरेजेस, कॉस्मेटिक्स, मेडिकल डिवाइसेज पर टैरिफ में छूट
वाणिज्य मंत्री ने कहा कि अमेरिका के साथ अंतरिम व्यापार समझौते के तहत भारत ने किसी भी डेयरी उत्पाद, चीनी और मोटे अनाज पर टैरिफ में कोई भी छूट नहीं दी है। यह समझौता किसानों, एमएसएमई और हस्तशिल्प क्षेत्र के हितों को प्रभावित नहीं करेगा। भारत ने अमेरिका को एल्कोहल बेवरेजेस, कॉस्मेटिक्स, मेडिकल डिवाइसेज जैसे क्षेत्रों में टैरिफ में छूट दी है। गोयल ने बताया कि भारत, अमेरिका से सेब के आयात पर टैरिफ में कोटा-बेस्ड रियायत देगा। मिनिमम इंपोर्ट प्राइस 80 रुपये प्रति किलोग्राम तय किया गया है।