पब्लिक सेक्टर की इंडियन ऑयल कॉरपोरेशन (IOC) ने दिवाला कार्यवाही में लगभग 148 करोड़ रुपये में मर्केटर पेट्रोलियम का अधिग्रहण किया है। कंपनी ने आज 5 नवंबर को शेयर बाजार को यह जानकारी दी। IOC ने बताया कि मर्केटर पेट्रोलियम लिमिटेड (MPL) में 100 फीसदी हिस्सेदारी के अधिग्रहण के लिए आईओसी के रिजॉल्यूशन प्लान को नेशनल कंपनी लॉ ट्रिब्यूनल (NCLT) की मुंबई पीठ ने मंजूरी दे दी है।
MPL के पास गुजरात की खंभात की खाड़ी में स्थलीय तेल और गैस खोज ब्लॉक है। ब्लॉक सीबी- ओएनएन- 2005/9 को कंपनी ने 2008 में 7वीं एनईएलपी (नेल्प) बोली में जीता था। इसमें 4.55 करोड़ बैरल तेल भंडार होने की संभावना है। यह ब्लॉक आईओसी के कोयाली रिफाइनरी ब्लॉक से लगभग 60 किलोमीटर की दूरी पर स्थित है।
इसमें कहा गया है, "IOC रिजॉल्यूशन प्लान को लागू करेगा और रिजॉल्यूशन प्लान के सफल इंप्लीमेंटेशन के लिए जरूरी अप्रुवल प्राप्त करने सहित रेगुलेटरी प्रोसेस को पूरा करेगा।" रिजॉल्यूशन प्लान के अनुसार कंपनी सिक्योर्ड फाइनेंशियल क्रेडिटर्स को 135 करोड़ रुपये का भुगतान करेगी, जिन्होंने 291 करोड़ रुपये के क्लेम को स्वीकार किया था। अनसिक्योर्ड फाइनेंशियल क्रेडिटर्स के लिए कोई पेमेंट नहीं किया गया है, जिन्होंने 118 करोड़ रुपये के दावों को स्वीकार किया था।