Amazon Layoff: छंटनी का कोहराम अभी भी जारी है। एमेजॉन (Amazon) ने मंगलवार से कुछ एंप्लॉयीज की छंटनी फिर शुरू कर दी है। इस बार इसकी तलवार कंपनी के एड यूनिट में चली है। कंपनी ने यह फैसला लागत घटाने के लिए लिया है। एमेजॉन में एडवरटाइजिंग, आईएमडीबी और ग्रैंड चैलेंज के सीनियर वाइस प्रेसिडेंट पॉल कोटास ने इसकी जानकारी एंप्लॉयीज को भेज दी है। पॉल ने एंप्लॉयीज को बताया कि कंपनी के सीईओ एंडी जैसी (Andy Jassy) की योजना के हिसाब से मुनाफा बढ़ाने और कारोबार की लंबी सेहत के लिए अब रिसोर्सेज की प्रॉयोरिटी तय की जा रही है। इसके तहत एडवरटाइजिंग में टीम मेंबर को शिफ्ट करने, कुछ कार्यक्रमों को धीमा करने या रोकने जैसे काम शामिल हैं।
न्यूयॉर्क और न्यू जर्सी के एंप्लॉयीज को अभी मिला वक्त
एमेजॉन ने जिन एंप्लॉयीज की छंटनी करनी है, उन्हें ई-मेल के जरिए सूचना भेजना शुरू कर दिया है। इस ई-मेल के मुताबिक जो एंप्लॉयीज न्यूयॉर्क और न्यू जर्सी में हैं, उनकी छंटनी 20 जून या 17 जुलाई से शुरू होगी। यह 60 से 90 दिनों के ट्रांजिशन पीरियड के बाद का वक्त है। इस पीरियड में इन्हें कंपनी के भीतर ही अपने लिए कोई और काम खोजने का मौका है।
कंपनी ने पहले ही कर दिया था ऐलान
एडवरटाइजिंग टीम में छंटनी कंपनी के उस ऐलान का हिस्सा है जिसके तहत एमेजॉन के सीईओ ने पिछले महीने 9 हजार एंप्लॉयीज की छंटनी का ऐलान किया था। इससे पहले भी कंपनी 18 हजार एंप्लॉयीज की छंटनी का ऐलान कर चुकी थी। इस बार एडवरटाइजिंग टीम से एंप्लॉयीज को निकाला जा रहा है और इससे पहले कंपनी ने रिटेल, डिवाइसेज, रिक्रूटिंग और एचआर ग्रुप्स से एंप्लॉयीज को बाहर का रास्ता दिखाया था।
सीईओ ने पिछले महीने बता दिया था कि इस बार एडरवाइजिंग, क्लाउड कंप्यूटिंग, ट्विच लाइवस्ट्रीमिंग और एचआर डिवीजन में छंटनी होगी। एमेजॉन इस महीने की शुरुआत में अपने वीडियो गेम्स बिजनेस से 100 एंप्लॉयीज की छंटनी कर चुकी है। एमेजॉन अपने 29 साल के इतिहास में सबसे बड़ी छंटनी के दौर से गुजर रहा है। कोरोना के समय इसने जबरदस्त हायरिंग की थी और 2021 के आखिरी में इसके 16 लाख से अधिक एंप्लॉयीज हो गए थे जोकि 2019 के आखिरी में 7.98 लाख था।