Meesho लाएगी अपना 'सुपरस्टोर', मुख्य ऐप में जुड़ जाएगा कंपनी का ग्रॉसरी बिजनेस

ई-कॉमर्स फर्म मीशो (Meesho) ने मंगलवार को बताया कि वह अपने ग्रॉसरी बिजनेस 'फार्मिसो (Farmiso)' को अपने मुख्य ऐप में जोड़कर नया 'सुपरऐप' लाने जा रही है

अपडेटेड Apr 05, 2022 पर 5:34 PM
Meesho अपने ग्रॉसरी बिजनेस को मुख्य ऐप में जोड़गी

ई-कॉमर्स फर्म मीशो (Meesho) ने मंगलवार को बताया कि वह अपने ग्रॉसरी बिजनेस 'फार्मिसो (Farmiso)' को अपने मुख्य ऐप में जोड़ने जा रही है। कंपनी को उम्मीद है कि इससे वह भारत के एक अरब यूजर्स के लिए एक ही जगह पर सभी चीजों की खरीदारी का मंच बन सकती है। फार्मिसो अभी तक एक अलग ई-कॉमर्स ऐप था, जिसके जरिए कंपनी किराना या ग्रॉसरी उत्पादों को बेचती थी।

सॉफ्टबैंक के निवेश वाली Meesho ने बताया कि मई के पहले सप्ताह तक ग्रॉसरी बिजनेस को मुख्य ऐप में जोड़ लिया जाए और फार्मिसो (Farmiso) को रिब्रांड कर मीशो सुपरस्टोर (Meesho Superstore) के रूप में किया जाएगा।

Meesho Superstore फिलहाल ताजे फल, ताजी सब्जियां, किराने का सामान, होम केयर और पैक किए हुए खाने के आइटम सहित विभिन्न कैटेगरी में 500 से अधिक उत्पादों को पेश करती है। मुख्य ऐप में जुड़ने के बाद कंपनी के 10 करोड़ से अधिक यूजर्स को एक ही ऐप पर 36 से अधिक कैटेगरी में 8.7 करोड़ से अधिक उत्पाद मिल सकेंगे।


यह भी पढ़ें- Elon Musk को सबसे ज्यादा परेशान करती है Twitter की यह ‘अकेली समस्या’, एक भारतीय से की शेयर

Meesho के फाउंडर और CEO विदित आत्रे ने बताया, "टियर-2 शहरों में अब अधिक यूजर्स ऑनलाइन खरीदारी की ओर मुड़ रहे हैं। इससे ऑनलाइन ग्रॉसरी की मांग बढ़ती जा रही है। हम अपने मुख्य ऐप के साथ Meesho Superstore को जोड़ने को लेकर उत्साहित हैं। इसे पहले कर्नाटक में प्रयोग के तौर पर शुरू किया गया था और अब तक 6 राज्यों में इसे अच्छी प्रतिक्रिया मिली है।"

आत्रे ने बताया कि किराना बिजनेस को मुख्य ऐप में जोड़ने से मीशो के लाखों यूजर्स को एक ही जगह पर सभी तरह के उत्पाद खरीदने की सुविधा मिलेगी। साथ ही इससे कंपनी को ग्राहकों को जोड़ने, टेक्नोलॉजी, अच्छे टैलेंट हायर करने और प्रोडक्ट को लेकर तालमेल बैठाने में सुविधा होगी।

Meesho ने सबसे पहले कर्नाटक में अपने ग्रॉसरी बिजनेस को लॉन्च किया था। इसका मकसद पहली बार ऑनलाइन खरीदारी करने वाले यूजर्स के लिए ग्रॉसरी शॉपिंग को किफायती बनाना था। 9 महीने से भी कम समय में इसका ग्रॉसरी बिजनेस आज कर्नाटक, महाराष्ट्र, तेलंगाना, आंध्र प्रदेश, गुजरात और मध्य प्रदेश जैसे 6 राज्यों में फैल चुका है।

हिंदी में शेयर बाजार स्टॉक मार्केट न्यूज़,  बिजनेस न्यूज़,  पर्सनल फाइनेंस और अन्य देश से जुड़ी खबरें सबसे पहले मनीकंट्रोल हिंदी पर पढ़ें. डेली मार्केट अपडेट के लिए Moneycontrol App  डाउनलोड करें।