म्यूचुअल फंड और शेयरों में निवेश से जुड़ी सेवाएं मुहैया कराने वाली फिनटेक कंपनी ग्रो (Groww) के निवेशकों में अब एक बड़ा नाम जुड़ गया है। यह नाम है माइक्रोसॉफ्ट (Microsoft) के सीईओ सत्य नडेला (Satya Nadella) का। सत्य नडेला ने ना सिर्फ Groww में निवेश किया है, बल्कि वह कंपनी को बिजनेस से जुड़े तमाम मुद्दों पर सलाह भी देंगे।
Groww के को-फाउंडर और CEO ललित केशरे ने शनिवार 8 जनवरी को एक ट्वीट के जरिए यह जानकारी दी। उन्होने कहा, "Groww को एक निवेशक और सलाहकार के रूप में दुनिया के सबसे बेस्ट सीईओ में से एक का साथ मिला है। भारत में वित्तीय सेवाओं को सुलभ बनाने के हमारे मिशन में सत्य नडेला के साथ जुड़कर हम रोमांचित हैं।"
बता दें कि इससे पहले 2021 में Groww ने दो फंडिंग राउंड आयोजित किए थे। कंपनी ने पहली बार अप्रैल 2021 में 1 अरब डॉलर से अधिक के वैल्यूएशन पर 8.3 करोड़ जुटाए थे। वहीं अक्टूबर में फिर से इस फिनटेक स्टार्टअप ने ई-सीरीज की फंडिंग के तहत 251 मिलियन डॉलर जुटाए। इसके साथ ही इसका मूल्यांकन तीन अरब डॉलर तक पहुंच गया।
कोरोना महामारी की शुरुआत के बाद से ऑनलाइन म्यूचुअल फंड निवेश और स्टॉकब्रोकिंग में भारतीय ग्राहकों की दिलचस्पी बढ़ी है, जिसका Groww को काफी फायदा मिला है। नौकरी छूटने और स्वास्थ्य से जुड़ी चिंताओं आदि ने भारतीयों को म्यूचुअल फंड सहित निवेश के अन्य विकल्पों में अपनी सेविंग्स लगाने के लिए प्रेरित किया। शेयर बाजार में पिछले डेढ़ साल रिटेल निवेशकों की भागीदारी काफी बढ़ी है।
Groww के अन्य निवेशकों में रिबिट कैपिटल (Ribbit Capital), सिकोइया वाई कॉम्बिनेटर ( Sequoia Y Combinator), टाइगर ग्लोबल (Tiger Global), प्रोपेल वेंचर पार्टनर्स ( Propel Venture Partners), ICONIQ ग्रोथ (ICONIQ Growth), एल्केन (Alkeon), लोन पाइन कैपिटल (Lone Pine Capital) और स्टीडफास्ट (Steadfas) का नाम शामिल हैं।
फ्लिपकार्ट के चार पूर्व एग्जिक्यूटिव्स - ललित केशरे, हर्ष जैन, नीरज सिंह और ईशान बंसल ने 2016 में Groww को शुरू किया था। Groww यूजर्स को स्टॉक, म्यूचुअल फंड, एक्सचेंज-ट्रेडेड फंड (ETF), आईपीओ (IPO), अमेरिका शेयर बाजार , फ्यूचर एंड ऑप्शंस और गोल्ड में निवेश करने में मदद करता है। Groww का दावा है कि उसके 2 करोड़ से अधिक यूजर्स हैं।
Groww का मुकाबला जीरोधा (Zerodha), अपस्टॉक्स (Upstox), पेटीएम मनी (Paytm Money) और एंजेल ब्रोकिंग (Angel Broking)जैसे खिलाड़ियों से है। धन (Dhan) और फिसडम (Fisdom) जैसे नए खिलाड़ी भी तेजी से इस क्षेत्र में अपनी पैठ बना रहे हैं।