Microsoft Layoffs: माइक्रोसॉफ्ट में होगी अबतक की सबसे बड़ी छंटनी, हजारों की संख्या में जाएगी लोगों की नौकरी

Microsoft Layoffs: विभिन्न मीडिया रिपोर्टों के मुताबिक, माइक्रोसॉफ्ट की योजना अपने कर्मचारियों की संख्या को 5% या करीब 11,000 घटाने की है। ह्यूमन रिसोर्स से लेकर इंजीनियरिंग तक, सभी टीमों में नौकरियां घटाई जाएंगी। यह माइक्रोसॉफ्ट में अबतक हुई कई दौर की छंटनी से काफी बड़ा होगा

अपडेटेड Jan 18, 2023 पर 10:32 AM
Microsoft ने इससे पहले जुलाई में भी करीब 1,000 कर्मचारियों को नौकरी से निकाला था

दुनिया की सबसे बड़ी सॉफ्टवेयर कंपनी माइक्रोसॉफ्ट कॉरपोरेशन (Microsoft Corp) में बड़ी संख्या में छंटनी (Layoffs) की तैयारी हो रही है। विभिन्न मीडिया रिपोर्टों के मुताबिक, कंपनी ह्यूमन रिसोर्स से लेकर इंजीनियरिंग टीम तक, हजारों नौकरियों को खत्म करने की योजना में है। अमेरिकी टेक कंपनियां इस समय आर्थिक मंदी आने की आशंका के बीच मांग में कमी का सामना करना कर रही हैं। इसके चलते मेटा (Meta) और एमेजॉन (Amazon) सहित कई कंपनियों को हाल में अपने यहां छंटनी करनी पड़ी है। माइक्रोसॉफ्ट में छंटनी भी इसी कड़ी का सिलसिला है।

साथ ही माइक्रोसॉफ्ट के इस कदम से संकेत मिलता है कि टेक सेक्टर अभी जल्द स्थिर नहीं होने वाला है और इसमें आगे भी नौकरियां जाती हुईं देखने को मिल सकती है।

न्यूज एजेंसी रॉयटर्स ने मॉर्निंगस्टार के एनालिस्ट डैन रोमनॉफ के हवाले से बताया, "अगर बड़ी तस्वीर देखें तो माइक्रोसॉफ्ट में छंटनी का एक और दौर बताता है कि हालात बेहतर नहीं हो रहे हैं और आगे यह और खराब होना जारी रख सकते हैं।"


यह भी पढ़ें- Rakesh Jhunjhunwala का जिस बैंकिंग स्टॉक पर था भरोसा, अब एक्सपर्ट भी लगा रहे दांव, क्या आपके पोर्टफोलियो में है?

ब्रिटिश टीवी चैनल स्काई न्यूज ने सूत्रों के हवाले से बताया कि माइक्रोसॉफ्ट की योजना अपने कर्मचारियों की संख्या को 5% या करीब 11,000 घटाने की है। ब्लूमबर्ग ने एक रिपोर्ट में बताया कि कंपनी अपनी कई इंजानियरिंग टीमों में बड़ी कटौती करने की योजना में हैं। वहीं इनसाइडर ने एक रिपोर्ट में बताया कि माइक्रोसॉफ्ट अपनी रिक्रूटिंग स्टाफ की संख्या एक-तिहाई तक घटा सकती है।

ब्लूमबर्ग के मुताबिक, यह छंटनी माइक्रोसॉफ्ट में अबतक हुई कई दौर की छंटनी से काफी बड़ी होगी। खबर लिखे जाने तक माइक्रोसॉफ्ट की ओर से इस पर कोई प्रतिक्रिया नहीं आई थी।

जून तिमाही तक के आंकड़ों के मुताबिक, माइक्रोसॉफ्ट में फिलहाल करीब 2,21,000 फुल-टाइम कर्मचारी हैं। इनमें से 1,22,000 कर्मचारी अमेरिका में काम करते हैं। जबकि बाकी 99,000 कर्मचारी भारत सहित दुनिया के बाकी देशों में काम करते हैं। कंपनी ने इससे पहले जुलाई में करीब 1,000 कर्मचारियों को नौकरी से निकाला था।

हिंदी में शेयर बाजार स्टॉक मार्केट न्यूज़,  बिजनेस न्यूज़,  पर्सनल फाइनेंस और अन्य देश से जुड़ी खबरें सबसे पहले मनीकंट्रोल हिंदी पर पढ़ें. डेली मार्केट अपडेट के लिए Moneycontrol App  डाउनलोड करें।