कांग्रेस सांसद कार्ति चिदंबरम (Karti Chidambaram) ने देश की सबसे अधिक मार्केट वैल्यू वाली एडटेक स्टार्टअप बायजू (BYJU’s) के फाइनेंस को लेकर जांच की मांग की है। कार्ति चिंदबरम ने कंपनियों में फ्रॉड मामलों को देखने वाली देश की शीर्ष संस्था सीरियस फ्रॉड इनवेस्टिगेशन ऑफिस (SFIO) को एक लेटर भी लिखा है। लेटर में उन्होंने कई मीडिया रिपोर्टों को हवाला दिया है, जिसमें दावा किया गया है कि कंपनी ने बीते मार्च में 80 करोड़ डॉलर की फंडिंग जुटाने का जो ऐलान किया था, उसमें से 25 करोड़ डॉलर 'गायब' है यानी उसे यह फंडिंग अभी तक नहीं मिली है।
कार्ति चिंदबरम ने यह लेटर ऐसे समय में लिखा है, जब हाल ही में ऐसी रिपोर्ट आई थी कि बायजू में सुमेरू वेंचर्स (Sumeru Ventures) और ऑक्सशॉट (Oxshott) ने जो 25 करोड़ डॉलर के निवेश का वादा किया था, वह उसे अभी तक नहीं मिली है।
BYJU’s ने इस मामले में बीते 11 जुलाई को हमारे सहयोगी चैनल CNBC-TV18 को दिए एक बयान में कहा था, "हम यहां स्पष्ट करना चाहते हैं पिछले साल जून में शुरू किए गए फंडिंग राउंड में 13 निवेशकों ने हमारी कंपनी में निवेश की प्रतिबद्धता जताई थी, जिसमें से 11 निवेशकों से हमें फंड मिल गया है। इसके अलावा इस राउंड में सबसे बड़ा निवेश ऑक्सशॉट का नहीं था और असल में वह इस राउंड में सबसे आखिरी में आई कंपनियों में से एक है। कुल 3,600 करोड़ रुपये की फंडिंग में से हमें 2,400 करोड़ रुपये पहले ही मिल चुके हैं।"
बायजू के फाइनेंसेज में कथित खामियों का आरोप लगाते हुए कार्ति चिंदबरम ने वित्त वर्ष 2022 में फाइनेंशियल स्टेटमेंट नहीं जमा करने के लिए बायजू के खिलाफ जांच की मांग की है।
चिदंबरम ने अपने लेटर में इस तथ्य पर भी जोर डाला कि बायजू को 2020-21 (FY21) के वित्तीय नतीजों पर अपने ऑडिटर डेलॉइट से साइन लेना बाकी है और कंपनी को इसे कॉर्पोरेट मामलों के मंत्रालय (MCA) के पास जमा करने में अभी कुछ और हफ्ते लग सकते हैं। उन्होंने अपने लेटर में कहा, "यह कंपनी (कॉस्ट रिकॉर्ड और ऑडिट) रूल्स 2014 के नियम 6(5) का साफ तौर से उल्लंघन है।"
जांच के महत्व पर जोर देते हुए कार्ति ने आगे कहा, "ऐसे समय में जब BYJU 2.4 अरब अमरीकी डालर के वैल्यूएशन के साथ अपने कारोबार का विस्तार करने और अमेरिकी शेयर बाजार में लिस्ट कंपनी 2U का अधिग्रहण करने पर विचार कर रही है, ठीक उसी समय वह लागत में कटौती के नाम पर कर्मचारियों की छंटनी कर रही है। ऐसे में यह जरूरी हो जाता है कंपनी के फाइनेंस की जांच की जाए।"
ब्लूमबर्ग की एक रिपोर्ट के अनुसार, BYJU अमेरिकी बाजार में अपने विस्तार पर काफी जोर दे रही है और इसके लिए उसने एडटेक कंपनी 2U के अधिग्रहण के लिए 1 अरब डॉलर का प्रस्ताव दिया है। इससे पहले ऐसी खबरें आई थीं कि BYJU की नजर अमेरिकी शेयर बाजार में लिस्टेड एक दूसरी कंपनी Chegg पर थी।