Parag Agarwal सिर्फ 5 महीने ही रह पाए Twitter के 'बॉस', Elon Musk के आने के बाद क्या होगा उनका रोल

एलॉन मस्क (Elon Musk) इस साल के अंत तक ट्विटर (Twitter) का कार्यभार संभाल लेंगे, लेकिन उसके बाद कंपनी में सीईओ पराग अग्रवाल (Parag Agarwal) की क्या भूमिका होगी

अपडेटेड Apr 26, 2022 पर 3:15 PM
ट्विटर को दुनिया के सबसे अमीर व्यक्ति एलॉन मस्क ने 44 अरब डॉलर की एक डील में खरीद लिया है

ट्विटर (Twitter) के को-फाउंडर जैक डोर्सी (Jack Dorsey) के हटने के बाद पराग अग्रवाल (Parag Agarwal) ने करीब 5 महीने पहले इस सोशल मीडिया कंपनी के सीईओ का पदभार संभाला था। पराग आईआईटी-बॉम्बे के पूर्व छात्र हैं और वह करीब एक दशक से ट्विटर के लिए काम कर रहे थे। अमेरिका सैन फ्रांसिस्को शहर में मुख्यालय वाली ट्विटर के साथ पराग 2011 में जुड़े थे और अक्टूबर 2017 से वह कंपनी के चीफ टेक्निकल ऑफिसर (CTO) के रूप में काम कर रहे थे। कंपनी की तकनीकी रणनीति संभालने से लेकर मशीन मशीन लर्निंग और AI की देखरेख, यूजर ग्रोथ में तेजी लाना और विज्ञापनों व रेवेन्यू को बढ़ाने तक, अग्रवाल की अहम भूमिका रही है। ट्विटर को आज जो कुछ भी है उसे बनाने के पीछे पराग ने अहम भूमिकाएं निभाई हैं।

ट्विटर को अब दुनिया के सबसे अमीर व्यक्ति एलॉन मस्क (Elon Musk) ने 44 अरब डॉलर की एक डील में खरीद लिया है और वह इसे सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म को अब अपने तरीके से चलाना चाहते हैं। एलॉन मस्क इस साल के अंत तक ट्विटर का कार्यभार संभाल लेंगे। हालांकि यहां बड़ा सवाल यह है कि इस नए ट्विटर में पराग अग्रवाल की क्या भूमिका होगी?

ट्विटर में पराग अग्रवाल का भविष्य

पराग अग्रवाल ने सोमवार को ट्विटर के कर्मचारियों के साथ एक वर्चुअल मीटिंग की। यह मीटिंग एलॉन मस्क के कंपनी खरीदने के प्रस्ताव को बोर्ड से मंजूरी मिलने के बाद कुछ घंटे बाद हुई थी। इस मीटिंग में अग्रवाल ने कहा कि वह इस डील के पूरी होने तक ट्विटर के सीईओ बने रहेंगे। हालांकि इसके बाद क्या होगा, इस पर उन्होंने कोई टिप्पणी नहीं की। उन्होंने कर्मचारियों से कहा, "डील पूरी होन के बाद क्या होगा, इसके बारे में वास्तव में अभी कुछ तय नहीं है।"


यह भी पढ़ें- Adani Wilmar ने ढाई महीने में दिया 247% रिटर्न, बनी 1 लाख करोड़ से ज्यादा Mcap वाली Adani Group की 7वीं कंपनी

एक साल के अंदर टर्मिनेट होने पर पराग अग्रवाल को 42 मिलियन मिलेंगे

रिसर्च फर्म इक्विलर के अनुसार, ट्विटर के मौजूदा सीईओ को अगर उनकी कंपनी में भूमिका बदलने के एक साल के अंदर निकाला जाता है, तो उन्हें करीब 4.2 करोड़ डॉलर मुआवजा के रूप में मिलने का अनुमान है। इसमें ट्विटर के सीईओ के एक साल का पूरा वेतन और दूसरे इक्विटी ऑप्शन का तुरंत कैश होना शामिल है। इक्विटी की वैल्यू को मस्क की तरफ से दिए $54.20 प्रति शेयर की कीमत पर आधारित है।

जैक डोर्सी ने कहा- मस्क और पराग का लक्ष्य एक है

हालांकि ट्विटर के को-फाउंडर जैक डोर्सी ने कहा कि एलॉन मस्क और अग्रवाल का ट्विटर के लिए लक्ष्य एक ही है। उन्होंने कहा, "मस्क का लक्ष्य एक ऐसा प्लेटफॉर्म बनाने का है, जो 'अधिकतम विश्वसनीय और व्यापक रूप से समावेशी' हो। मेरे हिसाब से यह सही लक्ष्य है। पराग का भी यह लक्ष्य है और मैंने इसीलिए उनको चुना था। कंपनी को असंभव स्थिति से बाहर निकालने के लिए आप दोनों का धन्यवाद। यह सही रास्ता है...मैं पूरे दिल से इस पर विश्वास करता हूं।"

हिंदी में शेयर बाजार स्टॉक मार्केट न्यूज़,  बिजनेस न्यूज़,  पर्सनल फाइनेंस और अन्य देश से जुड़ी खबरें सबसे पहले मनीकंट्रोल हिंदी पर पढ़ें. डेली मार्केट अपडेट के लिए Moneycontrol App  डाउनलोड करें।