PM Kisan Samman Nidhi: किसानों के खाते में सीधे ट्रांसफर होंगे 68,000 करोड़ रुपये, जानिए सरकार ने कितना बढ़ाया बजट

केंद्र सरकार ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की महत्वकांक्षी योजना, PM Kisan Samman Nidhi के लिए वित्त वर्ष 2022-23 में 68,000 करोड़ रुपये का प्रावधान किया है

अपडेटेड Feb 02, 2022 पर 2:57 PM
PM Kisan Samman Nidhi के बजट में हुई बढ़ोतरी

PM Kisan Samman Nidhi: केंद्र सरकार ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की महत्वकांक्षी योजना, PM किसान सम्मान निधि (PM Kisan Samman Nidhi) के लिए वित्त वर्ष 2022-23 में 68,000 करोड़ रुपये का प्रावधान किया है। मंगलवार 1 फरवरी को पेश हुए बजट में सरकार ने यह जानकारी दी। पिछले साल सरकार ने बजट पेश करते हुए PM किसान सम्मान निधि के लिए 65,000 करोड़ रुपये का प्रावधान किया था। इससे तुलना पर इस साल PM किसान सम्मान निधि के बजट में 4.6 फीसदी या 3,000 करोड़ रुपये की बढ़ोतरी दिखती है।

हालांकि सरकार ने बताया कि उसने मौजूदा वित्त वर्ष के लिए पीएम किसान सम्मान निधि के बजट को संशोधित कर 67,500 करोड़ रुपये कर दिया है। ऐसे में इससे तुलना करने पर इस साल बजट में किसान सम्मान निधि की राशि में सिर्फ 0.76 फीसदी या 500 करोड़ रुपये की ही बढ़ोतरी दिखती है।

क्या है PM-KISAN योजना?

पीएम किसान सम्मान निधि (PM Kisan Samman Nidhi Yojna) स्कीम के तहत लाभार्थी किसान परिवारों को हर साल 6,000 रुपये की वित्तीय सहायता दी जाती है, जो 2,000 रुपये की तीन समान किस्तों में दी जाती है। यह धनराशि सीधे लाभार्थी के बैंक अकाउंट में ट्रांसफर की जाती है। नए साल की शुरुआत पर प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने 1 जनवरी 2022 को पीएम किसान सम्मान निधि की 10वीं किस्त किसानों के खाते में ट्रांसफर की थी। इसके तहत देशभर के 10.09 करोड़ किसानों के खाते में कुल 20,946 करोड़ रुपये की राशि ट्रांसफर की गई थी।


यह भी पढ़ें-SBI, PNB और बैंक ऑफ बड़ौदा ने बदल दिए ये 3 नियम, सीधे आपकी जेब पर डालेंगे असर

बता दें कि देश में PM किसान सम्मान निधि योजना के लाथार्थियों की संख्या लगातार बढ़ रही है। यह संख्या अब लगभग 12 करोड़ 47 लाख तक पहुंच गई है। मोदी सरकार साल 2018 से इस योजना के माध्यम से किसानों को एक राहत राशि भेज रही है। अब तक इस योजना के लिए मोदी सरकार ने 10 किस्त जारी की है। इस योजना के तहत किसानों को सालाना 6000 रुपये 2000-2000 की तीन किस्तों में दिए जाते हैं।

MSP को लेकर बजट में हुआ ये ऐलान

वित्त मंत्री निर्मला सीतारमण ने मंगलवार को बजट पेश करते कहा कि सरकार अगले वित्त वर्ष में न्यूनतम समर्थन मूल्य (MSP) पर 163 लाख किसानों से 1,208 लाख टन गेहूं और धान की खरीद करेगी। उन्होंने कहा कि एमएसपी मूल्य का 2.37 लाख करोड़ रुपये उनके खातों में सीधे डाले जाएंगे। वित्त मंत्री ने कहा अगले वित्त वर्ष में तिलहन का उत्पादन बढ़ाने पर जोर दिया जाएगा। साथ ही उन्होंने आर्गेनिक खेती को बढ़ावा देने की बात कही।

हिंदी में शेयर बाजार स्टॉक मार्केट न्यूज़,  बिजनेस न्यूज़,  पर्सनल फाइनेंस और अन्य देश से जुड़ी खबरें सबसे पहले मनीकंट्रोल हिंदी पर पढ़ें. डेली मार्केट अपडेट के लिए Moneycontrol App  डाउनलोड करें।