RBI MPC June 2026: भारतीय रिज़र्व बैंक (RBI) की मौद्रिक नीति समिति (MPC) हर दो महीने पर होने वाली इस वित्त वर्ष के दूसरी रिव्यू के लिए 3 जून से बैठक करेगी। इसके बाद आरबीआई गवर्नर सजय मल्होत्रा 5 जून को नीतिगत फैसलों का ऐलान करेंगे। वैश्विक आर्थिक चुनौतियों के बीच इस बार ग्रोथ और महंगाई दर के अनुमानों में बदलाव हो सकता है। अधिकतर अर्थशास्त्रियों का मानना है कि एमपीसी रेपो रेट को 5.25% पर बनाए रखेगी और अपनी नीति का नजरिया न्यूट्रल बनाए रखेगी। उनका मानना है कि मौजूदा माहौल में अगर आरबीआई ने नरम रुख अपनाया यानी ब्याज दरों में कटौती की तो यह रिस्की हो सकता है। इसकी वजह ये है कि महंगाई को काबू में रखने के लिए काफी प्रयास किए गए हैं और आर्थिक विकास को बढ़ावा देने के दबाव में आकर आरबीआई इस उपलब्धि को जोखिम में नहीं डाल सकता।
