सोशल मीडिया कंपनी रेडिट (Reddit) भारतीय बाजार में एंट्री करने की कोशिशों के तहत बेंगलुरु में एक ऑफिस खोल रही है। सूत्रों ने मनीकंट्रोल को बताया कि कंपनी ने हाल के महीनों में ग्रोथ, कम्युनिटी मैनेजमेंट, ऑपरेशंस और स्ट्रैटेजी, पॉलिसी और फाइनेंस सहित कई तरह के फंक्शंस के लिए एंप्लॉयीज को हायर किया है। हायरिंग अभी भी जारी है। इनमें से कुछ पोजिशन रिमोट हो सकती हैं।
रेडिट ने जुलाई 2023 में मुंबई में दो एंटिटीज- रेडिट टेक्नोलोजिज इंडिया प्राइवेट लिमिटेड और रेडिट कम्युनिटी नेटवर्क इंडिया प्राइवेट लिमिटेड को रजिस्टर किया था। भारत, यूजर ग्रोथ और रेवेन्यू दोनों के मामले में रेडिट की भविष्य की विकास रणनीति के लिए एक प्रमुख फोकस बाजार के रूप में उभर रहा है। रेडिट देश की बड़ी इंटरनेट आबादी का फायदा उठाकर भारत में अपने यूजर बेस का विस्तार करने का इरादा पहले ही जता चुकी है।
साल 2005 में हफमैन और एलेक्सिस ओहानियन ने रेडिट को शुरू किया था। यह एक सोशल न्यूज और डिस्कशन वेबसाइट है, जिस पर कम्युनिटीज का एक बड़ा नेटवर्क है। लोग रेडिट की साइट पर आकर अपनी रुचियों, शौक और जुनून के साथ-साथ कई तरह के अन्य टॉपिक्स पर चर्चा करते हैं। कंपनी मार्च 2024 में न्यूयॉर्क स्टॉक एक्सचेंज में लिस्ट हुई।
भारत में Reddit के कितने यूजर
Reddit ने अभी तक भारत के बाजार के लिए यूजर्स की संख्या का खुलासा नहीं किया है। लेकिन मनीकंट्रोल को पता चला है कि जुलाई-सितंबर 2024 तिमाही में कंपनी का यूनीक डेली एक्टिव यूजर बेस साल-दर-साल आधार पर 90 प्रतिशत बढ़ा। इसमें इस अवधि के दौरान प्लेटफॉर्म पर आने वाली महिला यूजर्स में 20 प्रतिशत की वृद्धि शामिल है। मार्केट रिसर्च फर्म Statista के अनुसार, 2023 तक Reddit के भारत में 2.5 करोड़ से ज्यादा मंथली एक्टिव यूजर्स थे।
2024 की चौथी तिमाही में अंतर्राष्ट्रीय बाजारों से Reddit के यूनीक डेली एक्टिव यूजर बेस में 46 प्रतिशत की वृद्धि हुई और संख्या 5.37 करोड़ यूजर्स तक पहुंच गई। यह प्लेटफॉर्म के 10.17 करोड़ यूजर्स के कुल बेस का लगभग आधा है।
पहुंच बढ़ाने के लिए AI-पावड लैंग्वेज ट्रांसलेशन
पिछले साल Reddit ने कहा था कि वह सांस्कृतिक रूप से रिलीवेंट और स्थान-विशिष्ट कंटेंट पेश करके भारत जैसे बाजारों में अपना यूजर बेस बढ़ाने का प्लान कर रही है। कंपनी अपनी अंतर्राष्ट्रीय पहुंच का विस्तार करने के लिए अपने कंटेंट के रियल-टाइम मशीन ट्रांसलेशन पर काम कर रही है। हाल के महीनों में रेडिट ने फ्रेंच, स्पेनिश, पुर्तगाली, इटैलियन और जर्मन सहित 8 भाषाओं में मशीन ट्रांसलेटेड कंटेंट पेश किया है।
अक्टूबर 2024 में Reddit ने कहा था कि मशीन से ट्रांसलेटेड कंटेंट की पेशकश करके 2024 की तीसरी तिमाही में कंपनी के यूजर्स की संख्या में तिमाही आधार पर 4 गुना वृद्धि हुई है। इस सफलता के बाद, कंपनी ने कहा था कि वह 2025 तक 30 से अधिक देशों में मशीन ट्रांसलेशन का विस्तार करने की योजना बना रही है।