रिलायंस इंडस्ट्रीज की सब्सिडियरी रिलायंस रिटेल (Reliance Retail) ने होम अप्लायंसेज ब्रांड केल्विनेटर को खरीद लिया है। इस डील की मदद से रिलायंस रिटेल पूरे भारत में तेजी से बढ़ते प्रीमियम होम अप्लायंसेज मार्केट में अपनी ग्रोथ को रफ्तार देना चाहती है। कंपनी ने अभी इस ट्रांजेक्शन की फाइनेंशियल डिटेल शेयर नहीं की हैं। केल्विनेटर अमेरिकी कंपनी है और एक शताब्दी यानि 100 साल से भी ज्यादा वक्त से वैश्विक स्तर पर घर में इस्तेमाल के लिए रेफ्रिजरेटर, एसी, कूलर, वॉशिंग मशीन आदि बना रही है।
भारत में इसने 1963 में एंट्री की थी। यह कंपनी 1970 और 80 के दशक में अपनी यादगार टैगलाइन, "द कूलेस्ट वन" के साथ काफी पॉपुलर हुई। इसे अपनी अत्याधुनिक टेक्नोलॉजी, बेहतर परफॉरमेंस, अच्छी क्वालिटी के लिए जाना जाता है। वर्तमान में इलेक्ट्रोलक्स, केल्विनेटर ब्रांड के तहत फ्रिज और एसी की बिक्री करती है। साल 2019 में रिलायंस रिटेल ने इलेक्ट्रोलक्स के साथ लाइसेंसिंग, मैन्युफैक्चरिंग, मार्केटिंग और डिस्ट्रीब्यूशन डील की थी।
केल्विनेटर का अधिग्रहण एक महत्वपूर्ण क्षण: ईशा अंबानी
रिलायंस रिटेल ने बयान में कहा कि इस खरीद से भारत के तेजी से बढ़ते कंज्यूमर ड्यूरेबल सेक्टर में कंपनी की लीडरशिप पोजीशन में अच्छा इजाफा होगा। रिलायंस रिटेल वेंचर्स लिमिटेड की एग्जीक्यूटिव डायरेक्टर ईशा एम. अंबानी ने कहा, ‘‘केल्विनेटर का अधिग्रहण एक महत्वपूर्ण क्षण है। यह हमें भारतीय उपभोक्ताओं के लिए विश्वसनीय ग्लोबल इनोवेशंस की हमारी पेशकश को महत्वपूर्ण रूप से व्यापक बनाने में सक्षम बनाता है। इसे हमारे बेजोड़ स्केल, कॉम्प्रिहैन्सिव सर्विस कैपेबिलिटीज और बाजार में अग्रणी डिस्ट्रीब्यूशन नेटवर्क का सपोर्ट है।’’
रिलायंस रिटेल ने कहा कि केल्विनेटर की इनोवेशन की समृद्ध विरासत को रिलायंस रिटेल के विस्तृत खुदरा नेटवर्क के साथ जोड़कर कंपनी उपभोक्ताओं के लिए पर्याप्त वैल्यू अनलॉक करने और पूरे भारत में तेजी से बढ़ते प्रीमियम होम अप्लायंसेज मार्केट में ग्रोथ को रफ्तार देने के लिए तैयार है।
Disclaimer: मनीकंट्रोल, नेटवर्क18 ग्रुप का हिस्सा है। नेटवर्क18 का नियंत्रण इंडिपेंडेट मीडिया ट्रस्ट करता है, जिसकी एकमात्र लाभार्थी रिलायंस इंडस्ट्रीज है।