Vibrant Gujarat Global Summit 2024 in Gandhinagar: रिलायंस इंडस्ट्रीज के चेयरमैन और MD मुकेश अंबानी (Mukesh Ambani) ने बुधवार को कहा कि उनकी कंपनी "एक गुजराती कंपनी थी, है और हमेशा रहेगी"। उन्होंने कहा कि वह एक "प्राउड गुजराती" हैं। दिग्गज बिजनेसमैन मुकेश अंबानी ने यह बयान गांधीनगर में 10वें वाइब्रेंट गुजरात ग्लोबल समिट के दौरान दिया। इस दौरान उन्होंने पीएम नरेंद्र मोदी को भारतीय इतिहास का सबसे सफल प्रधानमंत्री बताया।
मुकेश अंबानी ने कहा कि गुजरात वर्ष 2047 तक 3000 अरब अमेरिकी डॉलर की अर्थव्यवस्था बन जाएगा। उन्होंने कहा कि भारत को 2047 तक 35000 अरब डॉलर की अर्थव्यवस्था बनने से कोई ताकत नहीं रोक सकती। रिलायंस प्रमुख ने कहा कि गुजरात आधुनिक भारत की वृद्धि का प्रवेश द्वार है।
मुकेश अंबानी ने कहा, "रिलायंस एक गुजराती कंपनी थी, है और हमेशा रहेगी। रिलायंस ने पिछले 10 वर्षों में भारत भर में विश्व स्तरीय संपत्ति और क्षमताएं बनाने में 150 बिलियन डॉलर (12 लाख करोड़ रुपये) से अधिक का निवेश किया है, इसमें से एक तिहाई से अधिक का निवेश अकेले गुजरात में किया गया है।"
रिलायंस गुजरात में कार्बन फाइबर सुविधा करेगी स्थापित
उद्योगपति मुकेश अंबानी ने बुधवार को कहा कि उनकी कंपनी रिलायंस हजीरा में भारत की पहली तथा विश्व स्तरीय कार्बन फाइबर सुविधा स्थापित करेगी। उन्होंने कहा कि रिलायंस गुजरात को हरित वृद्धि में वैश्विक नेता बनाने में योगदान देगा। अंबानी ने कहा कि 2036 ओलंपिक के लिए भारत की दावेदारी के लिए रिलायंस तथा रिलायंस फाउंडेशन गुजरात में कई अन्य साझेदारों के साथ मिलकर शिक्षा, खेल और कौशल के बुनियादी ढांचे में सुधार करेंगे जो विभिन्न ओलंपिक खेलों में कल के चैंपियन को तैयार करेंगे।
पीएम मोदी को बताया सबसे सफल प्रधानमंत्री
रिलायंस इंडस्ट्रीज के चेयरमैन ने आगे कहा कि पीएम नरेंद्र मोदी भारत के इतिहास में सबसे सफल प्रधानमंत्री हैं। अंबानी ने आगे कहा, "रिलायंस अगले 10 वर्षों में महत्वपूर्ण निवेश के साथ गुजरात की विकास गाथा में अग्रणी भूमिका निभाना जारी रखेगा। विशेष रूप से, रिलायंस गुजरात को ग्रीन ग्रोथ में ग्लोबल लीडर बनाने में योगदान देगा। हम 2030 तक रिन्यूएबल एनर्जी के माध्यम से गुजरात को उसकी आधी ऊर्जा जरूरतों को पूरा करने में मदद करेंगे।"
अपनी योजनाओं के बारे में विस्तार से बताते हुए रिलायंस बॉस ने कहा, "इसके लिए, हमने जामनगर में 5,000 एकड़ में धीरूभाई अंबानी ग्रीन एनर्जी गीगा कॉम्प्लेक्स का निर्माण शुरू कर दिया है। इससे बड़ी संख्या में ग्रीन जॉब पैदा होंगी और इनेबल प्रोडक्शन और सामग्रियों का उत्पादन संभव होगा। गुजरात ग्रीन प्रोडक्ट का अग्रणी निर्यातक बन जाएगा। हम इसे 2024 की दूसरी छमाही में ही चालू करने के लिए तैयार हैं।"
(डिस्क्लेमर: मनीकंट्रोल, नेटवर्क18 ग्रुप का हिस्सा है। नेटवर्क18 का नियंत्रण इंडिपेंडेट मीडिया ट्रस्ट करता है, जिसकी एकमात्र लाभार्थी रिलायंस इंडस्ट्रीज है।)