BharatPe से हटाए जाने के बाद बोले अशनीर ग्रोवर, "जमीन पर सोने में भी कोई दिक्कत नहीं है"

BharatPe से हटाए जाने के कुछ घंटों बाद अशनीर ग्रोवर ने सोशल मीडिया पर एक पोस्ट लिखकर बोर्ड के खिलाफ अपनी भड़ास निकाली है

अपडेटेड Mar 03, 2022 पर 8:01 PM
अशनीर ग्रोवर और उनके द्वारा शेयर की गई बेड की फोटो

भारतपे (BharatPe) से हटाए जाने के कुछ घंटों बाद अशनीर ग्रोवर (Ashneer Grover) ने सोशल मीडिया पर एक पोस्ट लिखकर बोर्ड के खिलाफ अपनी भड़ास निकाली और कहा कि उन्हें जमीन पर सोने पर भी कभी कोई दिक्कत नहीं रहा है। इससे पहले BharatPe ने बुधवार को कंपनी के पैसों का दुरुपयोग करने का आरोप लगाते हुए अशनीर ग्रोवर को कंपनी के मैनेजिंग डायरेक्टर पद से हटा दिया और उनसे भारतपे का को-फाउंडर्स कहे जाने का अधिकार भी छीन लिया।

अशनीर ने लिंक्डन पर लिखे एक पोस्ट में कहा कि कंपनी ने उन पर आलीशान जीवन जीने का आरोप लगाया है, जबकि उन्हें फर्श पर सोने पर भी कभी कोई दिक्कत नहीं रहा है।

अशनीर ने पोस्ट में लिखा, "मेरी वास्तव में बहुत आलीशान जीवन शैली है। मुझे मेरे दोस्त खुले दिल से अपने घरों पर बुलाते हैं, जहां मुझे फर्श पर सोने में भी कोई दिक्कत नहीं है।" इसके साथ ही अशनीर ने एक फोटो भी शेयर की है, जिसमें फर्श पर सोने के लिए एक बिस्तर लगा हुआ दिख रहा है।


एक फोन कॉल...और कैसे अशनीर ग्रोवर के पूरे परिवार की BharatPe से छुट्टी हो गई

अशनीर ने आगे लिखा, "यह सबकुछ तब है, जब 37 करोड़ डॉलर की सीरीज ई फंडिंग जुटाने के लिए अमेरिका और यूनाइटेड किंगडम के दौर पर हूं। और मेरा यह अधिकार है कि मैं अच्छे होटलों में रुकूं और कंपनी की तरफ से जारी क्रेडिट कार्ड के जरिए इसका भुगतान करूं। जिन लोगों ने कभी भी कुछ भी शुरुआत से नहीं बनाया है, वे कभी भी एक फाउंडर की मेंटालिटी नहीं समझ पाएंगे।"

अशनीर ग्रोवर ने अपने खिलाफ लगाए आरोपों पर कहा कि वह इससे दुखी जरूर हैं, लेकिन वह इससे हैरान नहीं है और कहा कि ऐसे आरोप व्यक्तिगत नफरत और छोटी सोच से ही संभव है। उन्होंने कहा, “मेरे लिए मेरे सपने और कड़ी मेहनत और प्रयासों के जरिए उन्हें पूरा करने की क्षमता ही लैविश है।”

इससे पहले BharatPe ने अशनीर ग्रोवर पर गंभीर आरोप लगाते हुए कहा था, “ग्रोवर फैमिली और उनके रिश्तेदार कंपनी के फंड्स के बड़े स्तर पर दुरुपयोग में शामिल थे, जिसमें फेक वेंडर्स तैयार करना शामिल था। इसके जरिये उन्होंने कंपनी के एक्सपेंस अकाउंट से फंड निकाला और खुद को समृद्ध बनाने और अपनी लैविश लाइफस्टाइल में उसका दुरुपयोग किया।”

कंपनी ने यह भी कहा कि उसके पास कोफाउंडर के खिलाफ लीगल एक्शन लेने का अधिकार सुरक्षित है, जिन्होंने कल मंगलवार को बोर्ड मीटिंग से पहले मैनेजिंग डायरेक्टर और बोर्ड डायरेक्टर पद से इस्तीफा दे दिया था।

अशनीर ग्रोवर की पोस्ट को आप यहां देख सकते हैं-

हिंदी में शेयर बाजार स्टॉक मार्केट न्यूज़,  बिजनेस न्यूज़,  पर्सनल फाइनेंस और अन्य देश से जुड़ी खबरें सबसे पहले मनीकंट्रोल हिंदी पर पढ़ें. डेली मार्केट अपडेट के लिए Moneycontrol App  डाउनलोड करें।