BharatPe के को-फाउंडर अशनीर ग्रोवर की पत्नी और कंपनी की हेड ऑफ कंट्रोल माधुरी जैन ग्रोवर को कंपनी ने नौकरी से निकाल दिया है। इस मामले की जानकारी रखने वाले सूत्रों ने बताया कि BharatPe ने माधुरी जैन ग्रोवर की सर्विस टर्मिनेट कर दी है। इससे पहले माधुरी जैन को छुट्टी पर भेज दिया गया था।
इस मामले में एक अन्य सूत्र ने बताया, "माधुरी जैन का कॉन्ट्रैक्ट खत्म कर दिया गया है। सर्विस टर्मिनेट करने की वजह फंड का गलत इस्तेमाल और फर्जी बिल देने सहित कई दूसरे मामले शामिल हैं।"
एक अन्य सूत्र ने मनीकंट्रोल को बताया, "BharatPe के वकीलों ने शनिवार को माधुरी जैन को बुलाया और आरोपों पर सफाई देने को कहा।" हालांकि इस मामले में BharatPe और माधुरी जैन से कोई प्रतिक्रिया नहीं मिल पाई है।
हालांकि रिस्क एडवाइजरी फर्म Alvarez and Marsal के मुताबिक, वेंडर्स के साथ डीलिंग में कुछ गड़बड़ियां पाई गई हैं। इस साल जनवरी में Alvarez and Marsal ने कंपनी का ऑडिट कियाथा। इस रिपोर्ट में कहा गया है कि ऐसे वेंडर्स और कंसल्टेंट को पैसे दिए गए जिनका कोई वजूद नहीं था।
इस रिपोर्ट के मुताबिक, BhratPe का दावा है कि कर्मचारियों के लिए जो कंसल्टेंट्स हायर किए गए थे उनसे माधुरी जैन ने रीक्रूटमेंट फीस ली थी। Alvarez and Marsal को भी अपनी जांच में यह पता चला कि कुछ कर्मचारियों की नियुक्ति कंसल्टेंट्स के जरिए हुई थी और वो कंपनी के पेरोल पर काम कर रहे हैं।
हालांकि बाद में उस कर्मचारी ने बताया कि उसकी किसी कंसल्टेंट्स से कोई बातचीत नहीं हुई थी और उसे इसके बारे में कोई जानकारी नहीं है।