दुनिया की सबसे अधिक वैल्यूएशन वाली एडटेक स्टार्टअप बायजूस (Byju's) के साल 2022 काफी मुश्किल रहा था। कंपनी अकाउंटिंग से जुड़ी खामियों, अपने कोर्सों को गलत तरीके से बचने और बड़े पैमाने पर छंटनी सहित कई वजहों को लेकर सवालों के घेरे में रही थी। हालांकि इसके फाउंडर बायजू रवींद्रन (Byju Raveendran) का मानना है कि कंपनी के लिए सबसे बुरा वक्त जा चुका है और साल 2023 एक बेहतर साल रहने वाला है। रवींद्रन इस समय वर्ल्ड इकोनॉमिक फोरम (WEF) की सालाना बैठक से जुड़े कार्यक्रमों में हिस्सा के लिए स्विट्जरलैंड के दावोस शहर में है।
कार्यक्रम से इतर मनीकंट्रोल के साथ एक स्पेशल बातचीत में बायजू रवींद्रन ने कहा, "हमने अपनी रणनीतियों में बहुत सारे बदलाव किए हैं और आप इसे अपने नए अवतार Byju's 2.0 में देखेंगे। हमारे लिए सबसे बुरा वक्त जा चुका है और 2023 अब यहां से एक बेहतर साल होने वाला है।"
रवींद्रन ने बताया, "हम मजबूत फंडामेंटल्स के साथ लंबे समय तक जारी रहने वाली टिकाऊ ग्रोथ की ओर तेजी से बढ़ रहे हैं। ऐसे में भारत और हमारे कोर सेगमेंट, दोनों के लिहाज से साल 2023 हमारे लिए कहीं अधिक अच्छा साल रहने वाला है।"
रवींद्रन ने यह भी दावा किया कि इस तिमाही के अंत तक (जनवरी-मार्च 2023) या अगली तिमाही (FY24 की अप्रैल-जून तिमाही) तक Byju's कंपनी के स्तर पर मुनाफे में आ जाएगी। इसे पक्का बनाने के लिए कंपनी ने पिछले साल अक्टूबर में अपने 2,500 कर्मचारियों को नौकरी से निकाला था। उस वक्त भी कंपनी ने कहा कि था उसने वित्त वर्ष 2023 के अंत तक मुनाफे में आने के साथ इस लक्ष्य में कटौती की है।
रवींद्र ने कहा, "हम वित्त वर्ष 2020 में ही मुनाफे में आने के काफी करीब आ गए थे। हालांकि इसके बाद कोरोना काल में तेज ग्रोथ के लिए हमने काफी विस्तार किया और कई बड़े अधिग्रहण किए। इसके चलते हमारे ऊपर कई एक-मुश्त अधिग्रहण लागत आ गई। इसके सबसे चलते वित्त वर्ष 2021 में हमारा घाटा काफी बढ़ गया।"
बायजू के फाउंडर ने कहा, "आप (आमदनी और मुनाफे) दोनों को सही दिशा में बढ़ते हुए देखेंगे। ग्रोथ जारी रहने और आने वाले दिनों में घाटे में कमी के साथ, हम जल्द ही मुनाफे को छू लेंगे। यह प्रयास सही दिशा में बढ़ रहा है। "
रवींद्र ने यह भी कहा कि Byju's की अधिकतर सब्सिडियरी फर्में पहले से ही मुनाफे में है। Byju's की मुख्य रूप से तीन सब्सिडियरी हैं- ग्रेट लर्निंग (Great Learning), आकाश (Aakash) और व्हाइटहैट जूनियर (WhiteHat Junior)।