ऐडटेक फर्म बायजूज (Byju's) ने एक बार फिर छंटनी की है। इस बार परफॉर्मेंस रिव्यू की आड़ में छंटनी हुई है। मेंटॉरिंग एंड प्रोडक्ट एक्सपर्ट डिविजन से 400 से ज्यादा एंप्लॉयीज को नौकरी से हटाया गया है। जुलाई में इनके परफॉर्मेंस का रिव्यू किया गया था। इन्हें 17 अगस्त को इस्तीफे सौंपने के लिए कहा गया। कई एंप्लॉयीज ने मनीकंट्रोल से इसकी पुष्टि की है। दरअसल यह कंपनी काफी समय से मुश्किलों का सामना कर रही है।
कंपनी नहीं बता रही छंटनी की सही संख्या
बायजूज ने यह माना है कि पीरियोडिक परफॉर्मेंस के बाद एंप्लॉयीज को नौकरी छोड़ने को कहा गया है। लेकिन, उसने एंप्लॉयीज की जो संख्या बताई है, वह सही नहीं लगती। उसने कहा है कि सिर्फ 100 एंप्लॉयीज पर इस फैसले का असर पड़ा है। कंपनी के एक प्रवक्ता ने इस बारे में पूछे गए सवाल के जवाब में कहा, "पीरियोडिक परफॉर्मेंस रिव्यू में ऐसे 100 एंप्लॉयीज को तय प्रक्रिया के तहत नौकरी छोड़ने को कहा गया है, जो उम्मीदों पर खरा उतरने में नाकाम रहे। कृपया यह ध्यान में रखें कि यह उपाय हमारे परफॉर्मेंस आधारित रिव्यू का हिस्सा है। यह किसी तरह के कॉस्ट में कमी लाने की कोशिश नहीं है।"
फोन पर पूरा किया गया एग्जिट प्रोसस
कई वर्तमान और पूर्व एंप्लॉयीज ने मनीकंट्रोल से बातचीत में बताया कि कंपनी ने 400 एंप्लॉयीज को नौकरी से निकाला है। इस मामले की जानकारी रखने वाले एक सूत्र ने नाम जाहिर नहीं करने की शर्त पर बताया, "एचआर से कॉल आई और एंप्लॉयीज को बताया गया है कि अगले दो घंटों में उनके ईमेल एड्रेसेज डिएक्टिवेट कर दिए जाएंगे। उन्हें अपने पे स्लिप और दूसरे जरूरी डॉक्युमेंट भी डाउनलोड करने को कहा गया। उन्हें कॉल पर ही तुरंत एक्जिट प्रोसेस शुरू करने को कहा गया। इस दौरान एचआर लाइन पर बना रहा।"
कंपनी ने टर्मिनेट करने की धमकी दी
सूत्रों के मुताबिक, एंप्लॉयीज को स्वेच्छा से इस्तीफा देने को कहा गया। उन्हें फाइनल सेटलमेंट के रूप में अगस्त और सितंबर की सैलरी ऑफर की गई। जिन एंप्लॉयीज ने इस्तीफा देने से इनकार किया, उन्हें तुरंत बर्खास्त कर दिया गया। उन्हें 17 अगस्त तक की सैलरी देने की बात कही गई। छंटनी के इस दौर में शामिल एक एंप्लॉयी ने मनीकंट्रोल को बताया, "एचआर ने कहा कि अगर आप टर्मिनेट किया जाना चाहते हैं तो उसके कई नतीजें होंगे। अगर दूसरी कंपनी हमसे पूछती है तो हमें यह बताना पड़ेगा कि एंप्लॉयी को परफॉर्मेंस के आधार पर निकाला गया।"