देश की सबसे अधिक वैल्यूएशन वाली एडटेक कंपनी बायजू (Byju’s) ने अपनी ग्रुप की दोनों कंपनियों- व्हाइटहैट जूनियर (WhiteHat Jr) और टॉपर (Toppr) में बड़े पैमाने पर छंटनी की है। बायजू ने इन दोनों कंपनियों का क्रमश: 2020 और 2021 में अधिग्रहण किया था। अब ऐसी खबरें आ रही है बायजू अपने कोडिंग सिखाने वाली यूनिट- WhiteHat Jr को नए सिरे से ब्रांडिंग कर बाजार में उतारने की तैयारी कर रही है।
WhiteHat Jr छोटे उम्र के बच्चों को कोडिंग सिखाती है। हाल के सालों में इसे अपने भ्रामक विज्ञापनों और बच्चों को कोर्स के बढ़ा-चढ़ाकर नतीजे बताने को लेकर काफी आलोचना देखने पड़ी है। यह भी एक वजह है कि बायजू अब इसे नए सिरे से ब्रांडिंग करने की योजना बना रही है।
एक अंग्रेजी अखबार की रिपोर्ट के मुताबिक, रिब्रांडिंग को लेकर कंपनी के शीर्ष स्तर पर चर्चाएं चल रही है। इसमें WhiteHat Jr को बायजू में पूरी तरह से इंटीग्रेट करने या फिर ग्रुप की एक दूसरी कंपनी 'ग्रेट लर्निंग' की तरह बदलावों की चर्चा चल रही है। हालांकि माना जा रहा है कि कंपनी अभी WhiteHat Jr के नाम को नहीं बदलेगी।
बायजू ने पिछले लैटिन अमेरिका जैसे नए भौगोलिक इलाकों में WhiteHat Jr के संचालित कोर्सों को 'बायजू फ्यूचर स्कूल ब्रांड' के नाम के तहत लॉन्च किया था। बायजू आगे भी WhiteHat Jr के कोर्सेज को भी अपने इसी ब्रांड के तहत लॉन्च कर सकती है।
इसके अलावा बायजू, टॉपर (Toppr) को भी अपने में इंटीग्रेट करने पर विचार कर रही है। Toppr में बायजू ने बड़े पैमाने पर छंटनी की है और उब उसमें सिर्फ करीबव 100 कर्मचारी ही काम कर रहे हैं। एक सूत्र ने बताया, "कंपनी ने छंटनी के पीछे लागत में कटौती और पदों की जरूरत नहीं जैसे वजहें बताई गई हैं।" उन्होंने बताया, "बायजू टॉपर के बिजनेस को भी खुद में इंटीग्रेट करने की कोशिश कर रही है। इस वजह से भी एडुकेटर्स के अलावा बाकी पदों की जरूरत नहीं है। टॉपर में इस समय केवल 100 कर्मचारी बचे हैं।"
बायजू ने 2,500 कर्मचारियों को निकाला
करीब 22 अरब डॉलर के वैल्यूएशन वाली बायजू ने अपनी सभी ग्रुप कंपनियों को मिलाकर कुल 2,500 रुपये एंप्लॉयी की छंटनी की है। दो साल की बंपर उछाल के बाद एडटेक कंपनियों की ग्रोथ अब धीमी हुई, जिसके चलते बायजू रवींद्र की अगुआई वाली यह यूनिकॉर्न कंपनी आक्रामक तरीके से अपनी लागत घटाने के तरीकों पर काम कर रही है।
बायजू ने अपनी सेल्स, मार्केटिंग, ऑपरेशंस, कंटेंट और डिजाइन टीम के अलावा अपने ग्रुप की कंपनियों- टॉपर (Toppr), व्हाइटहैट जूनियर (WhiteHat Jr) के फुल-टाइम और कॉन्ट्रैक्ट पर काम करने वाले कर्मचारियों को नौकरी से निकाला है।
बायजू ने 27 जून और 28 जून को Toppr और WhiteHat Jr के 1,500 कर्मचारियों को नौकरी से निकाला। वहीं 29 जून को अपनी कोर ऑपरेंशस टीम से करीब 1,000 कर्मचारियों को नौकरी से निकाले जाने को लेकर मेल भेजा।