बायजूज (Byju’s) के स्वामित्व वाली ग्रेट लर्निंग (Great Learning) वित्त वर्ष 2023 में अपना घाटा कम करने में कामयाब रही है। इसके अलावा कंपनी के रेवेन्यू में बढ़ोतरी दर्ज की है। ग्रेट लर्निंग ने अपना नतीजा ऐसे समय में जारी किया है, जब बायजू इस अपस्केलिंग प्लेटफॉर्म को बेचने की तैयारी में है। बायूजज इस प्लेटफॉर्म की बिक्री से मिलने वाली रकम से अपनी नकदी संकट को कम करने की उम्मीद कर रही है। ग्रेट लर्निंग ने वित्त वर्ष 2023 में लगभग 801 करोड़ रुपये का रेवेन्यू दर्ज किया। यह पिछले वित्त वर्ष में दर्ज किए 596.65 करोड़ रुपये के रेवेन्यू से करीब 34 प्रतिशत अधिक है।
कंपनी के सिंगापुर बिजनेस का रेवेन्यू वित्त वर्ष से 2023 में 45 प्रतिशत बढ़कर 408 करोड़ रुपये रहा, जो इसके पिछले साल 281 करोड़ रुपये था। हालांकि रेवेन्यू में उछाल के बावजूद कंपनी का सिंगापुर बिजनेस 2023 में घाटे में चला गा। कंपनी ने वित्त वर्ष 2023 में 8 करोड़ रुपये का घाटा दर्ज किया, जबकि पिछले साल इसने 42 करोड़ रुपये का मुनाफा दर्ज किया था।
ग्रेट लर्निंग ने पिछले साल सिंगापुर की नॉर्थवेस्ट एग्जीक्यूटिव एजुकेशन का अधिग्रहण किया था। कंपनी ने देश के हायर एजुकेशन सेगमेंट में अपनी पकड़ मजबूत करने के लिए यह अधिग्रहण किया।
भारत से ग्रेट लर्निंग की कुल इनकम वित्त वर्ष 2023 में 393 करोड़ रुपये रही, जो इससे पिछले वित्त वर्ष के 316 करोड़ रुपये के मुकाबले करीब 24 प्रतिशत अधिक है। वहीं वित्त वर्ष 2023 में कंपनी का घाटा करीब 35 फीसदी कम होकर 202 करोड़ रुपये पर आ गया, जो इसके पिछले साल 308 करोड़ रुपये था।
इस तरह कंपनी वित्त वर्ष 2023 में अपना कुल घाटा कम कर 210 करोड़ रुपये करने में सफल रही, जो इसके पिछले वित्त वर्ष में 266 करोड़ रुपये था। कंपनी का EBITDA लॉस वित्त वर्ष 2023 में 45 प्रतिशत से घटकर 26 प्रतिशत हो गया।
मनीकंट्रोल की एक रिपोर्ट के मुताबिक, यह नतीजे ऐसे समय में आए हैं, बायजूज इस प्लेटफॉर्म को बेचने की तैयारी कर रही है। कंपनी ने संभावित खरीदारों के साथ प्रारंभिक बातचीत की है और उसे ग्रेट लर्निंग की वैल्यू करीब 40 करोड़ डॉलर लगने की उम्मीद है। बायजूज ने साल 2021 में एक डील के जरिए करीब 35 करोड़ डॉलर में ग्रेट लर्निंग का अधिग्रहण किया था।