DroneAcharya : पुणे बेस्ड डीपटेक स्टार्टअप ड्रोनआचार्य का IPO 262 गुना ओवरसब्सक्राइब हो गया। उसे 109.61 करोड़ शेयरों के लए 6,016.78 करोड़ रुपये की बिड हासिल हुईं। इस स्टार्टअप आईपीओ को हाई नेटवर्थ इंडिविजुअल्स (HNI) यानी अमीरों और रिटेल इनवेस्टर्स से अच्छी डिमांड मिली। प्रतीक श्रीवास्तव (Prateek Shrivastava) द्वारा स्थापित और बॉलीवुड सेलिब्रिटी आमिर खान (Aamir Khan), रणबीर कपूर (Ranbir Kapoor) और दिग्गज इनवेस्टर शंकर शर्मा (Shankar Sharma) के निवेश वाली कंपनी 23 दिसंबर को बीएसई और एनएसई पर लिस्ट होने का अनुमान है। IPO का प्राइस बैंड 52 रुपये से 54 रुपये तय किया गया था। DroneAcharya Aerial Innovations मुख्य रूप से ट्रेनिंग, सर्विसेज और सर्विलांस तीन कामों से जुड़ी है।
ड्रोन पायलट ट्रेनिंग देने वाले चुनिंदा संस्थानों में से एक
सीएनबीसी-आवाज से बातचीत में कंपनी के फाउंडर और एमडी श्रीवास्तव ने कहा, भारत को लगभग 1 लाख सर्टिफाइड ड्रोन पायलट की जरूरत है। हालांकि, ड्रोन पायलटों को सर्टिफाई करने के लिए कुछ ही संस्थान अधिकृत हैं। हम ऐसा करने वाली शुरुआती कंपनियों में से एक हैं। हम 25 किग्रा तक के ड्रोन के लिए 10 साल के सर्टिफिकेशन की पेशकश करते हैं।
पायलट तैयार करने में लगेंगे कई साल
श्रीवास्तव ने कहा, “हम ड्रोन सेक्टर (drone sector) को तीन पहियों- पॉलिसी, इंसेंटिव और डिमांड क्रिएशन के दम पर आगे ले जा रहे हैं। आज, एक ड्रोन पायलट (drone pilot) 2-3 महीने में प्रशिक्षित किया जा सकता है। एक लाख ड्रोन पायलट तैयार करने में वर्षों लग जाएंगे। इसमें भरपूर संभावनाएं हैं।”
DroneAcharya AI 2022 में डीजीसीए से सर्टिफाइड आरपीटीओ (Remote Pilot Training Organization) लाइसेंस हासिल करने वाली शुरुआती प्राइवेट कंपनियों में से एक है। मार्च, 2022 तक कंपनी 180 ड्रोन पायलटों को ट्रेनिंग दे चुकी है।
कंपनी की 100 फीसदी स्वदेशी ड्रोन बनाने और जमीन और पानी के नीचे सर्वे से जुड़ी सेवाएं देने की भी योजना है। श्रीवास्तव ने कहा, हम अगले वित्त वर्ष से ड्रोन बनाना शुरू करेंगे। हमारा डिफेंस और इंडस्ट्री स्पेस के सिर्फ चार से पांच प्रोडक्ट्स पर जोर देने का इरादा है। सरकार ने बीते साल सितंबर में इससे जुड़ी प्रोडक्शन लिंक्ड इंसेंटिव (PLI) स्कीम पेश की थी। बीते साल अगस्त में ही सरकार ने Drone Rules, 2021 को लचीला कर दिया था।